अहिल्याबाई होल्कर की याद में PM मोदी ने जारी किया डाक टिकट, महिलाओं की ताकत को किया सलाम
PM Modi
भारत
चेतना मंच
31 May 2025 09:52 PM
PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल पहुंचकर देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के मौके पर उनके सम्मान में डाक टिकट जारी किया। इसके साथ ही PM मोदी ने इंदौर मेट्रो सेवा और दतिया-सतना एयरपोर्ट का उद्घाटन भी किया। इसके बाद PM मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया। PM मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, यह कार्यक्रम देवी अहिल्याबाई की सोच को आगे बढ़ाने वाला है। इसके अलावा PM मोदी ने इस कार्यक्रम में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी जिक्र किया।
PM मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए आतंकवाद और पाकिस्तान को खुली चुनौती दी। पीएम मोदी ने अपने सम्बोधन में कहा कि, हमारी सेना ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकियों के ठिकानों को तबाह कर दिया। पाकिस्तान को यही बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी कि हम ऐसा सख्त रवैया अपना सकते हैं। उन्होंने आगे कहा, दुश्मन को गोली का जवाब गोले से मिलेगा और जो भी आतंकियों की मदद करेगा उसे भी इसकी भारी कीमत चुकानी होगी।
नारी शक्ति और संस्कृति पर हमले का जवाब सेना ने दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, सिंदूर हमारे देश की परंपरा और नारी शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि भगवान हनुमान जी ने भी राम जी के लिए सिंदूर लगाया था और शक्तिपूजा में भी इसका खास महत्व है। पीएम मोदी ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि आतंकियों ने न सिर्फ भारतीयों का खून बहाया, बल्कि हमारी संस्कृति पर भी हमला किया और समाज को बांटने की कोशिश की हैं और आतंकियों ने भारत की महिलाओं की शक्ति को चुनौती दी थी, लेकिन हमारी सेना ने उनका ऐसा जवाब दिया कि वे कभी भूल नहीं पाएंगे। सेना ने आतंकियों और उनके मददगारों को उनके घर में घुसकर मारा। जिन लोगों ने हमारी बहनों की मांग का सिंदूर छीना, उन्हें हमारी सेना ने गहरे जख्म दिए हैं।
सीमा से अंतरिक्ष तक महिलाओं ने रचा नया इतिहास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बात करते हुए कहा कि, यह ऑपरेशन हमारी नारी शक्ति की ताकत का प्रतीक बन गया है। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस ऑपरेशन में बीएसएफ की बेटियों की बड़ी भूमिका रही हैं। आपको बता दें कि, कश्मीर से लेकर गुजरात तक, BSF की बेटियों ने ही मोर्चा संभाला और सीमा पार से हो रही फायरिंग का जबर्दस्त जवाब दिया। पीएम मोदी ने कहा कि बीएसएफ की ब बेटियों ने जो साहस दिखाया, उसे पूरी दुनिया ने देखा है।उन्होंने यह भी बताया कि आज देश के बड़े अंतरिक्ष मिशनों में भी महिलाओं की बड़ी भागीदारी है। चंद्रयान-3 मिशन में 100 से ज्यादा महिला वैज्ञानिक और इंजीनियर में कम कर रही हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुऐ पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवादियों ने हमारी नारी शक्ति को चुनौती दी थी, लेकिन यही चुनौती उनके लिए विनाश का कारण बन गई।
बेटियों की भलाई धर्म के खिलाफ नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवी अहिल्याबाई को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, कि वे महिलाओं और समाज के सुधार के लिए हमेशा याद की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आज जब हम बेटियों की शादी की सही उम्र पर चर्चा करते हैं, तो कुछ लोगों को लगता हैं कि ये हमारे धर्म खिलाफ है। लेकिन देवी अहिल्याबाई उस जमाने में भी बेटियों के भले के बारे में सोचती थीं, जबकि उनकी खुद की शादी कम उम्र में हुई थी। PM मोदी ने कहा कि पिछले 11 सालों में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया गया है। 2014 से पहले करीब 30 करोड़ महिलाओं के पास बैंक अकाउंट नहीं थे अब उनके खाते खुलवाए गए हैं। मुद्रा योजना के तहत उन्हें लोन भी मिल रहा है ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।
300 साल पुरानी सोच
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, देश की 10 करोड़ महिलाएं आज स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं और सरकार उनकी हर तरह से मदद कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि इन महिलाओं में से 3 करोड़ को 'लखपति दीदी' बनाया जाए। अब तक 1.5 करोड़ महिलाएं यह मुकाम हासिल कर चुकी हैं। पीएम मोदी ने देवी अहिल्याबाई होल्कर के योगदान की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए कपास और मसालों की खेती को बढ़ावा दिया। आज भी हमें किसानों को खेती में बदलाव के लिए प्रेरित करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि देवी अहिल्याबाई ने आदिवासियों और घुमंतू लोगों को खेती करने के लिए जमीन दी और गरीबों को प्राथमिकता देने वाला शासन चलाया। उन्होंने रोजगार और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शुरू कीं। साथ ही नहरों और तालाबों का निर्माण कर जल संरक्षण पर भी जोर दिया और ये सब 300 साल पहले किया गया था।