
PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीकानेर से ऐसा संदेश दिया जो सरहद पार तक गूंजा और देश के हर कोने में आत्मविश्वास की लहर दौड़ा दी।ऑपरेशन सिंदूर के बाद अपनी पहली जनसभा में प्रधानमंत्री का लहजा तीखा, शब्दों में विश्वास और इरादों में अग्नि नजर आई। उन्होंने साफ कहा, “अब मोदी की नसों में लहू नहीं, गरम सिंदूर बह रहा है।”
पालना में आयोजित इस विशाल जनसभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुआ आतंकी हमला सिर्फ एक घटना नहीं थी, बल्कि पूरे देश की आत्मा को झकझोर देने वाला कृत्य था। “आतंकियों ने धर्म पूछकर हमारी बहनों की मांग का सिंदूर उजाड़ा। लेकिन अब भारत चुप नहीं बैठेगा। हर कतरे का हिसाब लिया जाएगा,” पीएम मोदी ने गर्जना करते हुए कहा।
प्रधानमंत्री ने खुलासा किया कि भारत ने हमले के जवाब में महज 22 मिनट के भीतर आतंकियों के 9 सबसे बड़े ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा, “दुनिया ने देख लिया है कि जब सिंदूर बारूद में बदलता है, तो क्या नतीजा होता है।”
मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को आतंक के खिलाफ एक निर्णायक मोड़ बताया और तीन बड़ी बातें रखीं:
हमले का जवाब समय, तरीका और शर्तें हमारी होंगी।
गीदड़ भभकियों से भारत अब नहीं डरता।
पाकिस्तान के आतंक परोसे जाने और उसकी सरकार को अब अलग-अलग नहीं देखा जाएगा।
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान को यह स्पष्ट संकेत दिया कि अब उससे कोई वार्ता नहीं होगी, जब तक आतंक की जड़ें खत्म नहीं होतीं। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान को भारत के हक का पानी भी नहीं मिलेगा। खून से खेलने की कीमत अब उसे चुकानी पड़ेगी — सेना भी चुकाएगी और अर्थव्यवस्था भी।”
मोदी ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से राजस्थान के नाल एयरबेस को भी निशाना बनाने की कोशिश की गई, लेकिन वह विफल रहा। वहीं सीमा पार रहीमयार खान एयरबेस की हालत ICU में है। “अब पाकिस्तान को हर एक हरकत का जवाब चुकता मिलेगा,” उन्होंने दोहराया। PM Modi