विज्ञापन

PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे के दौरान गांधीनगर में एक रोड शो के बाद जनसभा को संबोधित किया और इसी मंच से पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि भारत अब किसी भी प्रकार के ‘कांटे’ को सहन नहीं करेगा और उसे निकालकर ही दम लेगा। उनका यह बयान हाल ही में हुए ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के बाद आया है, जो पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई है। प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार सुबह गांधीनगर पहुंचे और वहां भव्य रोड शो में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा, “देश कितना भी मजबूत हो, अगर शरीर में कांटा चुभ जाए तो पूरा शरीर पीड़ा में होता है। हमने निश्चय कर लिया है कि अब वह कांटा निकालना ही होगा। ईंट का जवाब अब पत्थर से दिया जाएगा।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह बीते दो दिन से गुजरात के विभिन्न शहरों — वडोदरा, दाहोद, भुज, अहमदाबाद और अब गांधीनगर — का दौरा कर रहे हैं और उन्हें हर जगह जनसमर्थन और राष्ट्रभक्ति की लहर देखने को मिली है। उन्होंने कहा, “यह केवल गुजरात की भावना नहीं है, यह पूरे भारत की भावना है। हर नागरिक के दिल में मातृभूमि के प्रति अगाध प्रेम है।”
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) का भी उल्लेख किया और सरदार वल्लभभाई पटेल के उस संकल्प की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने कहा था कि सेना तब तक नहीं रुके जब तक पीओके भारत में सम्मिलित न हो जाए। प्रधानमंत्री ने कहा, “दुर्भाग्य से उस समय सरदार पटेल की बात नहीं मानी गई। पाकिस्तान की ओर से जो आतंकवाद की शुरुआत हुई थी, वह 75 वर्षों से हमें नुकसान पहुंचाता रहा है। पहलगाम में जो घटना घटी, वह इसी आतंक का एक विकृत रूप है। लेकिन अब देश बदल चुका है।” मोदी ने आगे कहा कि भारत ने पाकिस्तान को तीन बार युद्ध में मात दी है और हर बार उसे करारी शिकस्त मिली है। “पाकिस्तान अब यह समझ चुका है कि वह भारत से पार नहीं पा सकता। हमारी सैन्य शक्ति और संकल्प अडिग हैं।”
गुजरात की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का यह चौथा रोड शो था, जिसमें भारी संख्या में लोग उमड़े। यह दौरा ऑपरेशन सिंदूर के बाद उनकी पहली गुजरात यात्रा है और इसमें उन्होंने न सिर्फ राजनीतिक बल्कि कूटनीतिक संदेश भी स्पष्ट रूप से दिया। PM Modi
विज्ञापन