प्रशांत किशोर के आंदोलन पर पुलिस का डंडा, PK समेत 300 पर FIR दर्ज
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 11:08 AM
Bihar Samachar: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। जन सुराज अभियान के संयोजक प्रशांत किशोर और उनके सैकड़ों समर्थकों पर पटना के सचिवालय थाना क्षेत्र में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह FIR उस वक्त दर्ज की गई जब प्रशांत किशोर अपने समर्थकों के साथ विधानसभा का घेराव करने पहुंचे थे।
प्रशांत किशोर पर गंभीर आरोप
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा सत्र के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने की कोशिश की, जिससे विधि-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका थी। सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि मजिस्ट्रेट के बयान के आधार पर प्रशांत किशोर समेत करीब 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बुधवार को जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने प्रशांत किशोर के नेतृत्व में विधानसभा का घेराव करने की कोशिश की। पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी लेकिन जब प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने लगे तो हालात बिगड़ने लगे। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा जिसमें कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए। प्रशांत किशोर को भी मौके पर हिरासत में लिया गया, हालांकि कुछ घंटों बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन या सत्ता की घबराहट?
जन सुराज अभियान के समर्थकों का दावा है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और पुलिस ने बिना किसी उकसावे के लाठीचार्ज किया। वहीं, प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शनकारियों का रवैया उग्र होता जा रहा था और वे निषिद्ध क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे थे जिससे कानून-व्यवस्था संकट में पड़ सकती थी।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। प्रशांत किशोर लंबे समय से बिहार में बदलाव की राजनीति का दावा कर रहे हैं और लगातार सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करते रहे हैं। उनका विधानसभा घेराव इसी रणनीति का हिस्सा था, जिसके जरिए वे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार का ध्यान खींचना चाहते थे। अब जबकि FIR दर्ज हो चुकी है और सत्ताधारी दल विपक्षी दबाव में है आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।