Political News: जातिगत जनगणना न कराने पर घिरी भाजपा
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 04:40 AM
राष्ट्रीय ब्यूरो। जातिगत जनगणना न कराने के आरोपों से घिरती जा रही भाजपा ने अब गेंद राज्य सरकारों के पाले में डाल दिया है। पार्टी ने कहा है कि राज्यों को स्वतंत्रता है,वे चाहें तो ऐसी गणना करा सकते हैं।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के.लक्ष्मण ने इसकी जिम्मेदारी राज्यों पर डालते हुए कहाकि सभी राज्य अपने यहां जातिगत जनगणना कराने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं और वे इन आंकड़ों का इस्तेमाल अपने राज्यों में कर सकते हैं। लक्ष्मण ने कहाकि कुछ दल जान-बूझकर इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं। जबकि राज्यों को अपना सर्वेक्षण कराने पर कोई रोक नहीं है। वे चाहें तो खुद अपने स्तर पर इस तरह का सर्वेक्षण कराकर अपनी नीतियों को लागू करने में सहायता हेतु इसका उपयोग कर सकते हैं। लेकिन अगर आप सिर्फ राजनीति करना चाहते हैं तो इसका कोई समाधान नहीं है। उन्होंने कहाकि जहां तक केंद्र सरकार का सवाल है,राष्ट्रीय स्तर पर इस तरह सर्वेक्षण कराने के लिए गहन शोध व आम सहमति की जरूरत है। राज्यों द्वारा आंकड़े उपलब्ध कराए जाने पर केंद्र भी इसे आगे बढ़ा सकता है।बतादें कि 2021 की जनगणना के माध्यम से जातिगत आंकड़े जुटाने की संभावना को लेकर केंद्र सरकार ने सर्वोच्च अदालत में कहा है कि इस तरह का आंकड़ा जुटाने के लिए जनगणना आदर्श साधन नहीं है और न ही यह व्यावहारिक है।