Political News : भारत जोड़ो यात्रा पर निकली कांग्रेस को गोवा में लग सकता है जोर का झटका
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:12 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:12 AM
Goa : गोवा। भारतीय जनता पार्टी भारत जोड़ो यात्रा पर निकली कांग्रेस को गोवा में जोर का झटका देने की तैयारी में है। खबर आ रही है कि प्रदेश के पूर्व सीएम दिगंबर कामत और नेता प्रतिपक्ष माइकल लोबो समेत कांग्रेस के आठ विधायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं। विपक्ष के नेता माइकल लोबो ने कांग्रेस विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में कांग्रेस विधायक दल को भाजपा में विलय करने पर निर्णय लिया गया।
गोवा भाजपा के अध्यक्ष सदानंद शेट तनावड़े की ओर से दावा किया गया है कि जल्द ही कांग्रेस के आठ विधायक भाजपा में शामिल होंगे। इसमें कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के नाम शामिल हैं। 40 सीटों वाली गोवा विधानसभा में वर्तमान में भाजपा के पास 20 विधायक हैं। वहीं कांग्रेस के पास 11 सीटें हैं। इसके अलावा महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के पास दो व गोवा फॉरवर्ड पार्टी की एक सीट है। अन्य के खाते में छह सीटें हैं। ऐसे में अगर कांग्रेस के आठ विधायक भाजपा में शामिल होते हैं तो कांग्रेस के पास विधानसभा में सिर्फ तीन सीटे ही बचेंगी। जबकि भाजपा के विधायकों की संख्या बढ़कर 28 हो जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दिगंबार कामत, माइकल लोबो, डी. लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नायक, संकल्प अमोनकर, अलेक्सो सिकेरा और रुडॉल्फ फर्नांडिस कांग्रेस का दामन छोड़ सकते हैं। बुधवार को इन विधायकों ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से मुलाकात भी की। माना जा रहा है कि जल्द ही विधायकों की तरफ से भाजपा में शामिल होने की घोषणा की जा सकती है।