
Political news: तमिलनाडु कांग्रेस समिति में लंबी चुप्पी के बाद पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ फिर से विरोध उभरकर सामने आने लगा है और कुछ पदाधिकारियों ने खुलकर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। टीएनसीसी के मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में 15 नवंबर को दो विधायकों के समर्थकों के बीच अचानक झड़प ने सभी को हैरत में डाल दिया।
बहरहाल, टीएनसीसी प्रमुख के. एस. अलागिरी ने बाद में इसे पार्टी का अंदरुनी मामला बताया और कहा कि इसे सुलझा लिया जाएगा। हालांकि, इस घटना ने पार्टी के भीतर अंदरुनी कलह उजागर कर दिया है।
पार्टी के थुथुकुडी उत्तर जिले से कांग्रेस अध्यक्ष आर. कामराज ने घटनाओं से निपटने में कोताही के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पद से इस्तीफा दे दिया।
टीएनसीसी के कोषाध्यक्ष और नंगुनेरी से विधायक रुबी आर. मनोहरन ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया है और वह 24 नवंबर को अनुशासनात्मक समिति के सामने अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि कामराज के समर्थकों ने ही हंगामा किया था, जिसके कारण मामूली झड़प हुई थी।
उनके समर्थकों ने कलाक्कड और नंगुनेरी के लिए मंडल अध्यक्षों के चुनावी नतीजों के खिलाफ प्रदर्शन किया था। तिरुनेलवेनी पूर्व जिले से कांग्रेस के अध्यक्ष के. पी. के. जयकुमार की उनके बहस हो गई थी।