Political News : मैं कभी नहीं कहती कि तुम लोधी हो, भाजपा को वोट दो : उमा भारती
I never say that you are Lodhi, vote for BJP: Uma Bharti
भारत
चेतना मंच
28 Dec 2022 11:24 PM
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने लोधी समुदाय के लोगों से कहा कि ‘मैं कभी नहीं कहती हूं कि तुम लोधी हो, तुम भाजपा को वोट दो’, बल्कि हमेशा कहती हूं कि ‘आप अपना हित देखो।’ मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती लोधी समुदाय से हैं, जो अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में आता है।
उमा भारती ने यह बात भोपाल में 25 दिसंबर को लोधी समुदाय के विवाह योग्य युवक-युवतियों के सम्मेलन में कहा। हालांकि, उनकी इस टिप्पणी का कथित वीडियो क्लिप मंगलवार शाम को सामने आया। इस वीडियो में भारती को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘मैं अपनी पार्टी के मंच पर आऊंगी। मैं लोगों का वोट मागूंगी। मैं कभी नहीं कहती हूं कि तुम लोध (यानी लोधी) हो, तुम भाजपा को वोट करो। नहीं, मैं तो सबको कहती हूं कि आप भाजपा को वोट करो, क्योंकि मैं तो अपनी पार्टी की निष्ठावान सिपाही हूं।’ उन्होंने कहा कि मैं आपसे थोड़ी अपेक्षा करूंगी कि आप पार्टी के निष्ठावान सिपाही होंगे। नहीं, आपको अपने आसपास का हित देखना है क्योंकि अगर आप पार्टी के कार्यकर्ता नहीं हैं और अगर आप पार्टी के मतदाता नहीं हैं, तो आपको सारी चीजों को देख कर ही अपने बारे में फैसला करना है। उमा भारती ने कहा कि मैं यह मान कर चली हूं कि प्यार के बंधन में हम बंधे हुए हैं, लेकिन राजनीतिक बंधन से आप मेरी तरफ से पूरी तरह से आजाद हैं।
Political News
प्रदेश कांग्रेस ने उमा भारती के संबोधन का एक वीडियो टैग करते हुए ट्वीट किया, ‘लोधी समाज के लिये बड़ा संदेश: भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने लोधी समाज को संकेत दिया है कि अब भाजपा को वोट देने की ज़रूरत नहीं है। मध्य प्रदेश बचाने के महाअभियान में उमा भारती जी का स्वागत है। 'मध्य प्रदेश मांगे कमलनाथ।’ मध्य प्रदेश में कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि भारती भाजपा में अपने सिकुड़ते राजनीतिक आधार को फिर से स्थापित करने की कोशिश कर रही हैं।
वहीं, भाजपा शासित मध्य प्रदेश में पार्टी के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस अकारण ही उत्साहित है। उन्होंने कहा कि उमा भारती एक संत हैं और इस तरह की बातें बोलती हैं। वह भगवान राम और भाजपा के प्रति समर्पित और वफादार हैं। कांग्रेस अनावश्यक रूप से खुशी व्यक्त कर रही है। भारती ने अभी तक इस कथित वीडियो पर कोई टिप्पणी नहीं की है।