Political News : जयंत के सवाल पर महाना का जवाब, रद्द नहीं की आजम की सदस्यता
Mahana said on Jayant's question, did not cancel Azam's membership
भारत
चेतना मंच
02 Nov 2022 05:46 PM
Lucknow : लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की सदस्यता रद्द करने पर राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को चिट्ठी लिखकर फैसले पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि अगर आजम खान पर कार्रवाई की गई तो विक्रम सैनी पर क्यों नहीं।
Political News :
जयंत चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को भेजे पत्र में लिखा है कि हेट स्पीच मामले में अगर आजम खान को सजा के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म हो सकती है तो मुजफ्फरनगर दंगे में दोषी पाए गए बीजेपी विधायक विक्रम सैनी की क्यों नहीं? जयंत चौधरी के इस पत्र पर विधानसभा स्पीकर सतीश महाना ने भी जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि आजम खान की विधानसभा सदस्यता रद्द नहीं की है। उनकी तरफ से सिर्फ रामपुर सीट को रिक्त घोषित करने की अधिसूचना जारी की गई है। महाना ने कहा कि वह इस बाबत चुनाव आयोग से जानकारी करेंगे कि वास्तव में क्या स्थिति है।
Political News :
जयंत चौधरी ने स्पीकर के फैसले पर नाराजगी जताते हुए लिखा है कि आजम खान के मामले में जितनी तत्परता दिखाई गई, उतनी ही तत्परता खतौली से बीजेपी विधायक विक्रम सैनी के मामले में क्यों नहीं दिखाई गई, जिन्हें 2013 के मुजफ्फरनगर दंगे से जुड़े मामले में दो साल की सजा सुनाई गई है। उन्होंने पूछा है कि जनप्रतिनिधि कानून की व्याख्या व्यक्ति-व्यक्ति के लिए अलग-अलग हो सकती है?
जयंत चौधरी ने आगे लिखा कि यह सवाल तब तक अस्तित्व में रहेगा, जब तक आप बीजेपी विधायक विक्रम सैनी के मामले में ऐसी ही पहल नहीं करते। उन्होंने लिखा, मुझे उम्मीद है कि आप मेरे पत्र का संज्ञान लेते हुए विक्रम सैनी के मामले में भी शीघ्र ऐसा निर्णय लेंगे जो सिद्ध करेगा कि न्याय की लेखनी का रंग एक सा होता है, भिन्न-भिन्न नहीं।