Political News : जातिवाद व परिवारवाद के खात्मे के बिना मजबूत लोकतंत्र नहीं : सिन्हा
No strong democracy without the end of casteism and familyism: Sinha
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:24 AM
Political News : गाजीपुर (उप्र)। जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत में सच्चा, मजबूत, निष्पक्ष तथा लोक कल्याणकारी लोकतंत्र तभी फल-फूल सकता है, जब जातिवादी, परिवारवादी, व्यक्तिवादी दलों का खात्मा हो और दो दलीय प्रणाली स्थापित हो।
रविवार को ज़िला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर सिखड़ी गांव में महामना मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज में आयोजित महामना की जयंती समारोह को संबोधित करते हुए जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उन्हें और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भारतीय जनता पार्टी की स्थापना कर भारत में दो दलीय राजनीतिक प्रणाली को बनाने की शुरुआत कर दी थी, जिसकी पूर्णता का कार्य यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं और उनको पार्टी के महान कार्यकर्ताओं और जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
सिन्हा ने कहा कि मोदी आज देश के दलितों, अतिपिछड़ों, आदिवासियों का विकास करते हुए देश का सर्वांगीण विकास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी महामना मालवीय जी के सपनों को साकार करने के साथ-साथ अटल जी के सपनों का भारत बनाते आ रहे हैं। उन्होंने इस बात को अपना सौभाग्य बताया कि अटल जी की सरकार के समय वह भी लोकसभा सदस्य (ग़ाजीपुर संसदीय क्षेत्र) रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी जी जानते हैं कि गरीबों दलितों, आदिवासियों, वंचितों, उपेक्षितो को आगे बढ़ा कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत कर ही भारत को विकसित बनाया जा सकता है। वह कार्य पूरी तरह से अब अटल जी के बाद इस समय हो रहा है।
Political News
सिन्हा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उनके और मदन मोहन मालवीय के चित्र पर माल्यार्पण कर उनको श्रद्धा सुमन अर्पित किया।