Political News : पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश को दिया दिवाली उपहार, बल्क ड्रग पार्क और IIIT की सौगात
PM Modi gave Diwali gift to Himachal Pradesh, gift of bulk drug park and IIIT
भारत
चेतना मंच
27 Nov 2025 03:23 AM
Shimla : शिमला। पीएम मोदी ने गुरुवार को हिमाचल के ऊना में 1,923 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला और भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) ऊना राष्ट्र को समर्पित किया। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। जबकि इससे पहले पीएम मोदी ने हिमाचल की पहली और देश की चौथी सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत को हरी झंडी दिखाकर नई दिल्ली के लिए रवाना किया।
Political News :
पीएम मोदी के आत्मनिर्भर भारत के आह्वान ने सरकार की विभिन्न नई पहल के समर्थन के माध्यम से देश को कई क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया है। ऐसा ही एक प्रमुख क्षेत्र फार्मास्यूटिकल्स है। इसी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता लाने के लिए, प्रधानमंत्री ने ऊना जिले के हरोली में बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला रखी है। यह पार्क एपीआई आयात पर निर्भरता को कम करने में मदद करेगा। इससे लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करने और 20 हजार से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान करने की उम्मीद है। जबकि बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार भी पैदा होंगे। यह क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा।
हिमाचल को दिवाली गिफ्ट देते हुए पीएम मोदी ने जाहिर की अपनी खुशी
पीएम मोदी ने भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) ऊना राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने 2007 में इसकी आधारशिला रखी थी। वर्तमान में इस संस्थान में 530 से अधिक छात्र अध्ययन कर रहे हैं। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र और हिमाचल प्रदेश की पिछली सरकारें आम आदमी की जरूरतों के प्रति उदासीन रहीं, जबकि भाजपा की डबल इंजन सरकार उन जरूरतों को पूरा कर रही है। पीएम मोदी ने कहा कि यह देव भूमि हिमाचल के विकास का स्वर्णिम काल है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक जी और गुरुओं का स्मरण करते हुए और मां चिंतापूर्णी के चरणों में नमन करते हुए धनतेरस और दीपावली से पहले हिमाचल को हजारों करोड़ रुपये का उपहार देते हुए खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के ऊना में शुरू की गई फार्मा, शिक्षा और रेलवे परियोजनाओं का क्षेत्र की प्रगति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
Political News :
औद्योगीकरण के लिए बना बहुत बड़ा दिन
पीएम ने हिमाचल प्रदेश से अपने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि उन्होंने यहां काफी लंबा समय बिताया है। वह जब भी ऊना आते हैं तो पिछली यादें आंखों के सामने आ जाती हैं। उन्होंने कहा कि मुझे कई बार देवी मां चिंतपूर्णी देवी के सामने माथा टेकने और आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला है। आज मैं यहां आया हूं, तो कनेक्टिविटी से जुड़ा भी आयोजन है, शिक्षा संस्थान का काम है और औद्योगीकरण के लिए भी बहुत बड़ा दिन है।
देश के दूसरे बल्क ड्रग पार्क पर भी शुरू हो रहा है काम
आज यहां ऊना में देश के दूसरे बल्क ड्रग पार्क पर काम शुरू हो रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन वाली सरकार हिमाचल प्रदेश के ऊना में बल्क ड्रग पार्क में 2,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जब कच्चा माल और उत्पादन दोनों होंगे तो दवाएं सस्ती हो जाएंगी। पूर्ववर्ती सरकारों पर हिमाचल के विकास की अनदेखी का आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार लोगों की जरूरतों को पूरा कर रही है जबकि, केंद्र और हिमाचल प्रदेश की पिछली सरकारें उन्हें समझने में विफल रहीं। उन्होंने कहा कि मुझे याद है, हिमाचल का हाल क्या था, कहीं विकास का नाम नजर नहीं आता था, चारों तरफ विश्वास की खाई, निराशा के पहाड़ और गड्ढे ही गड्ढे थे। उन्होंने इन गड्ढों को भरने का सोचा ही नहीं। हमने उन गड्ढों को तो भरा और अब मजबूती से नई इमारतें बना रहे हैं।
Political News :
सरकार जनता की जरूरतें कर रही पूरी
हिमाचल में पहले जो सरकारें रही और दिल्ली में भी जो लोग बैठे थे, वो आप लोगों की जरूरतों को पूरा करने में उदासीन रहे। आपकी आशा और आकांक्षाओं को वो कभी समझ ही नहीं पाए। इसका बहुत बड़ा नुकसान मेरे हिमाचल ने उठाया है। यहां की युवा पीढ़ी और माताओं-बहनों ने उठाया है। लेकिन, अब समय बदल गया है, हमारी सरकार न सिर्फ लोगों की जरूरतें पूरी कर रही है, बल्कि जनता जनार्दन की आशाएं, अपेक्षाएं उसे पूरा करने के लिए पूरी शक्ति से काम में जुट गई है।