Political News : राजस्थान : कटारिया बने राज्यपाल, भाजपा को चुनना होगा नया नेता प्रतिपक्ष
Rajasthan: Kataria becomes governor, BJP will have to choose new leader of opposition
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 10:04 AM
जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सबसे कद्दावर नेताओं में से एक गुलाबचंद कटारिया (78) को असम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद पार्टी को अब विधानसभा में नया नेता प्रतिपक्ष चुनना होगा। कटारिया को रविवार को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
Political News
फिलहाल राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष कटारिया आठवीं बार विधायक हैं। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में वह गृह, शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके हैं। वह 2003 से लगातार उदयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं। एक बार सांसद भी निर्वाचित हो चुके हैं। शिक्षा में बी.एड व विधि स्नातक हैं। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को कई राज्यों के लिए नए राज्यपाल नियुक्त किए, जिनमें कटारिया भी शामिल हैं।
राज्यपाल नियुक्त किए जाने की घोषणा के बाद कटारिया ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उन्हें पहले इसकी कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि परसों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी बात हुई थी। कटारिया ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। परसों प्रधानमंत्री जी ने फोन जरूर किया कि कैसे हैं, क्या चल रहा है.. बस इतना पूछा.. इससे अधिक कोई जानकारी नहीं थी। कटारिया ने कहा कि उन्होंने कभी पार्टी से कोई पद नहीं मांगा, जो जिम्मेदारी दी गई, उसे निभाया है।
Political News
कटारिया राज्य के उदयपुर संभाग से आते हैं और राजनीतिक जानकारों के अनुसार इस साल के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उनके राज्यपाल बनने से पार्टी के राज्य संगठन को बड़ा संकेत मिला है। इस समय राज्य विधानसभा का बजट सत्र जारी है और नेता प्रतिपक्ष के रूप में कटारिया अगले सप्ताह बजट भाषण पर चर्चा में भाग ले सकते थे। हालांकि इस नए घटनाक्रम के बाद पार्टी को नया नेता प्रतिपक्ष चुनना होगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। मौजूदा 15वीं राजस्थान विधानसभा का कार्यकाल इस साल के आखिर तक है। उल्लेखनीय है कि सदन में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ हैं।
इस बीच पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां सहित अनेक नेताओं ने कटारिया को बधाई दी है। पूनियां ने ट्वीट कर कहा, 'गुलाबचंद कटारिया जी को असम के माननीय राज्यपाल बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।'
उपनेता प्रतिपक्ष राठौड़ ने ट्वीट किया, 'राजस्थान विधानसभा में मुखरता से जनता की आवाज बुलंद करने वाले, शुचिता की राजनीति के पर्याय आदरणीय नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया को असम का राज्यपाल नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।'
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।