Political News : भारतीय राजनीति का परिवर्तन है कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा : जयराम रमेश
The change of Indian politics is Congress's India Jodo Yatra: Jairam Ramesh
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 10:16 AM
New Delhi : नई दिल्ली। चुनावी वर्ष होने के कारण हर सियासी दलों में हलचल तेज है। कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी में मचे घमासान के बीच शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा भाजपा शासित कर्नाटक में प्रवेश कर गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी में जो कुछ हो रहा है, वह साइड-शो है। मुख्य-शो तो भारत जोड़ो यात्रा है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में जो कुछ हो रहा है, वह सब साइड शो है, मुख्य शो भारत जोड़ो यात्रा है। यह आख्यान है। यह भारतीय राजनीति का परिवर्तन है, यह कांग्रेस पार्टी का परिवर्तन है। कांग्रेस एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसके पास अध्यक्ष के चुनाव की प्रणाली है। भारतीय राजनीति में कांग्रेस का सबसे बड़ा योगदान सर्वसम्मति रही है, जब यह संभव नहीं होता, तो हमारे पास चुनाव होता है। प्रत्येक मतदाता के पास क्यूआर कोडित मतदाता पहचान पत्र है। यह लोकतांत्रिक राजनीति का हिस्सा है।
गौरतलब है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इनकार के बाद लगातार नए नाम सामने आ रहे थे। लेकिन, अब मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर ने अध्यक्ष पद को लेकर अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इससे पहले गुरुवार की रात तक पार्टी के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के चुनाव लड़ने की अटकलें तेज थीं। उन्होंने शशि थरूर से मुलाकात के बाद यह भी ऐलान कर दिया था कि यह दोस्ताना मुकाबला है। लेकिन, देर रात तस्वीर बदल गई। पार्टी ने अपने बेहद भरोसेमंद पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को आगे कर दिया। माना जा रहा है कि वह पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार हैं। इस बीच, जी-23 के नेताओं ने भी खड़गे को समर्थन देने का ऐलान किया है। पार्टी के जानकारों का कहना है कि खड़गे के पक्ष में सभी समीकरण हैं और उनका कांग्रेस अध्यक्ष बनना लगभग तय है।