
Rahul Gandhi: नई दिल्ली। लोकसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य ठहराए जाने के बाद लोकसभा सचिवालय द्वारा सरकारी बंगला खाली किए जाने के नोटिस के बाद शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद राहुल गांधी ने अपना सरकारी आवास खाली कर दिया है। बताया जाता है कि राहुल गांधी अब अपनी मां सोनिया गांधी के आवास पर उनके साथ रहेंगे।
आपको बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मोदी सरनेम मामले में दोषी करार देते हुए कोर्ट ने उन्हें लोकसभा सांसद के रूप में अयोग्य करार दिया था। सदस्यता जाने के बाद उन्हें सरकारी बंगले भी खाली करने को कहा गया, जिसकी आखिरी तारीख 22 अप्रैल थी। इसी आदेश को मानते हुए राहुल गांधी ने 22 अप्रैल शनिवार को 12, तुगलक लेन स्थित अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया।
राहुल शनिवार को सार्वजनिक अवकाश होने की वजह से लोकसभा सचिवालय में अपनी चाबियां नहीं सौंप पाए। इससे पहले शुक्रवार को वह बंगले से अपना सामान शिफ्ट करते हुए भी दिखे थे।
राहुल गांधी के सरकारी बंगला खाली करने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने ट्वीट पर लिखा- "राहुल गांधी ने लोकसभा के आदेश पर तुगलक लेन में स्थित अपने सरकारी बंगले को खाली कर चुके हैं। अदालत ने उन्हें अपील के लिए 30 दिन का समय दिया था। एचसी या एसीसी उन्हें पुनः बहाल कर सकती है, लेकिन उनका बंगला छोड़ने का निर्णय, नियमों के प्रति उनके सम्मान को दर्शाता है।"
लोकसभा सचिवालय को लिखे अपने पत्र में बंगला खाली पर राहुल गांधी सहमति जताते हुए लिखा- "पिछले चार बार से लोकसभा के निर्वाचित सदस्य के तौर पर यहां बिताए अपने समय की सुखद यादों के लिए एहसानमंद हूं। अपने अधिकारों के प्रति पक्षपात के बिना मैं निश्चित रूप से आपके पत्र किए विवरण का पालन करूंगा।"
आपको बता दें कि राहुल गांधी केरल के वायनाड निर्वाचन क्षेत्र के सांसद रह चुके हैं। सुरत कोर्ट ने 23 मार्च को उन्हें मानहानि मामले पर दो साल की सजा सुनाई थी और उनकी लोक सभा सदस्यता भी रद्द कर दी गई थी। उन्होंने कोर्ट के फैसले को चुनौती भी दी लेकिन कोर्ट ने उनकी अपील को खारिज कर दिया था।