धांधली पर लगाम! रेलवे टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव
भारत
चेतना मंच
16 Sep 2025 09:06 AM
भारतीय रेलवे ने टिकट बुकिंग सिस्टम में बड़े बदलाव का ऐलान किया है। 1 अक्टूबर 2025 से, अब सामान्य रिजर्वेशन टिकट की बुकिंग पर भी वही नियम लागू होंगे जो अभी तक तत्काल टिकट बुकिंग पर लागू थे। इस फैसले का मकसद टिकटों की कालाबाजारी और एजेंटों की धांधली पर लगाम लगाना है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह बदलाव सिर्फ ऑनलाइन टिकट बुकिंग (IRCTC वेबसाइट और मोबाइल ऐप) पर लागू होगा। इससे वास्तविक यात्रियों को फायदा पहुंचेगा और फर्जी या बेईमान एजेंटों के जरिए की जा रही टिकट बुकिंग पर अंकुश लगेगा। Indian Railways New Rules
क्या बदलेगा 1 अक्टूबर से?
रिजर्वेशन विंडो खुलने के पहले 15 मिनट तक सिर्फ वही यात्री टिकट बुक कर सकेंगे जिनका आधार वेरिफिकेशन पहले से पूरा है। यह नियम अब तक केवल तत्काल टिकटों पर लागू था, लेकिन अब सामान्य आरक्षण टिकटों पर भी इसे लागू किया जा रहा है। बुकिंग सिर्फ IRCTC की वेबसाइट और ऐप के जरिए होने पर इस नियम का पालन आवश्यक होगा। आधिकारिक टिकट एजेंटों पर पहले दिन के रिजर्वेशन की शुरुआत के 10 मिनट तक बुकिंग पर रोक पहले की तरह लागू रहेगी। पीआरएस काउंटरों (रेलवे रिजर्वेशन खिड़की) से टिकट बुकिंग की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं होगा।
रेलवे के मुताबिक, इस बदलाव से टिकट बुकिंग प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी और सुरक्षित बनेगी। आम यात्रियों को टिकट पाने में बेहतर मौका मिलेगा। ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम में भरोसा और मजबूती आएगी। फ्रॉड बुकिंग और दलालों की गतिविधियों पर कड़ा नियंत्रण होगा। रेलवे की ओर से IRCTC और सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) को इस बदलाव को तकनीकी रूप से लागू करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके साथ ही सभी जोनल रेलवे को गाइडलाइन जारी कर दी गई है ताकि नियमों का सही तरीके से पालन सुनिश्चित हो सके। अगर आप अक्टूबर के बाद यात्रा करने की योजना बना रहे हैं तो अभी से अपना आधार वेरिफिकेशन IRCTC प्रोफाइल में करवा लें, ताकि टिकट बुकिंग में कोई परेशानी न हो। Indian Railways New Rules