Rajya Sabha Election :राज्यसभा चुनाव हरियाणा में कांग्रेस को, राजस्थान में भाजपा को झटका
भारत
चेतना मंच
27 Nov 2025 04:42 PM
New Delhi : नई दिल्ली (एजेंसी)। चार राज्यों की 16 राज्यसभा सीटों पर हुई वोटिंग की मतगणना आज तड़के तक पूरी हो गई। सबसे आखिर में महाराष्ट्र के नतीजे आए। महाराष्ट, में भाजपा को जहां तीन सीटें मिलीं वहीं शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने क्रमश: एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। हरियाणा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा जहां कि वरिष्ठ नेता अजय माकन को हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा में भाजपा के कृष्ण लाल पंवार तो वहीं निर्दलीय प्रत्याशी कार्तिकेय शर्मा ने जीत दर्ज की। राजस्थान की बात करें तो यहां कांग्रेस को तीन सीटें मिलीं तो भाजपा को एक सीट पर संतोष करना पड़ा। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाजपा के कृष्ण लाल पंवार और कार्तिकेय शर्मा को जीत पर बधाई दी है।
राज्यसभा की 16 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान कराया गया। मतदान होने के बाद सभी दलों के बीच आरोप प्रत्यारोप जारी है। कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा से बहुत ही 'कम अंतर' से हार गए, जो कि पुरानी पार्टी होने के नाते एक बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं शिवसेना नेता संजय राउत ने चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
शिवसेना नेता संजय राउत ने पार्टी नेता संजय पवार के राज्य सभा चुनाव में हारने के बाद चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। राउत ने विधायक सुहास कांडे द्वारा डाले गए वोट को अस्वीकार करने पर चुनाव आयोग पर भाजपा का समर्थन करने का आरोप लगाया है। राउत ने मीडियाकर्मियों से कहा, 'चुनाव आयोग ने हमारे एक वोट को अमान्य कर दिया। हमने दो वोटों का विरोध किया, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। यह साफ हो गया है कि चुनाव आयोग ने भाजपा का साथ दिया है।'
बता दें कि महाराष्ट्र की 6 सीटों में से बीजेपी ने 3 सीटें जीती हैं। जबकि शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने एक-एक सीट जीती। शिवसेना के संजय पवार चुनाव हार गए। वहीं राजस्थान से राज्यसभा की चार सीटों के चुनाव में कांग्रेस ने तीन और भाजपा ने एक सीट जीती है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जीत के बाद तड़के करीब 3.50 बजे प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारे लिए खुशी की बात है। मैं सभी विधायकों को कृष्ण लाल पंवार और कार्तिकेय शर्मा को जीत दिलाने के लिए धन्यवाद देता हूं। लोकतंत्र। मुझे उम्मीद है कि दोनों सदन में हरियाणा के लोगों से जुड़े मामलों को उठाएंगे।
राज्यसभा चुनाव पर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि इस चुनाव का परिणाम मुझे आश्चर्य नहीं कर रहा। कांग्रेस, शिवसेना, एनसीपी को कोटा के अनुसार वोट दिया गया है, सिवाय (एनसीपी के) प्रफुल पटेल को जिन्हें अतिरिक्त वोट मिला है - वह वोट एमवीए से नहीं है, यह दूसरी तरफ से है। उन्होंने आगे कहा -चमत्कार इसलिए हुआ क्योंकि भाजपा के देवेंद्र फडणवीस निर्दलीय उम्मीदवारों को अपने पक्ष में करने में कामयाब रहे...जिससे सारा फर्क पड़ा। लेकिन यह सरकार की स्थिरता (महा विकास अघाड़ी) को प्रभावित नहीं करेगा।
खरीद-फरोख्त की अटकलों और क्रॉस वोटिंग की आशंकाओं के बीच चार राज्यों में फैली 16 राज्यसभा सीटों पर संसद के उच्च सदन के सदस्यों के चुनाव के लिए 10 जून को मतदान हुआ था। पिछले हफ्ते 11 राज्यों- उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, पंजाब, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, झारखंड और तेलंगाना से 41 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे। महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा और कर्नाटक जैसे राज्यों की 16 सीटों के लिए शुक्रवार को उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने के कारण मतदान हुआ।
राजस्थान में कांग्रेस का जलवा
राज्यसभा चुनाव में राजस्थान से कांग्रेस के तीनों प्रत्याशी प्रमोद तिवारी, रणदीप सुरजेवाला और मुकुल वासनिक विजयी हुए, जबकि भाजपा के पूर्व मंत्री घनश्याम तिवारी ही उच्च सदन पहुंच सके। राजस्थान से भाजपा ने निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा को समर्थन दिया था, जो चुनाव हार गए।