Ram Mandir Aarti Pass: अब श्रद्धालुओं को पास के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मंदिर के मुख्य द्वार के पास बनाए गए काउंटर से सीधे पास बनवाया जा सकेगा। फिलहाल पासों की संख्या सीमित रखी गई है लेकिन आने वाले समय में इसे बढ़ाने की तैयारी भी की जा रही है।

अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। खासतौर पर आरती में शामिल होने की इच्छा रखने वाले भक्तों के लिए अब एक बड़ी राहत की खबर है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने आरती दर्शन के लिए तत्काल पास की सुविधा शुरू कर दी है। अब श्रद्धालुओं को पास के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मंदिर के मुख्य द्वार के पास बनाए गए काउंटर से सीधे पास बनवाया जा सकेगा। फिलहाल पासों की संख्या सीमित रखी गई है लेकिन आने वाले समय में इसे बढ़ाने की तैयारी भी की जा रही है।
नई व्यवस्था के तहत आरती दर्शन के लिए अलग काउंटर बनाया गया है। यह काउंटर बिड़ला धर्मशाला के सामने स्थित यात्री सुविधा केंद्र में संचालित किया जा रहा है। श्रद्धालु यहां पहुंचकर सीधे तत्काल पास बनवा सकते हैं। ट्रस्ट के अनुसार पास जारी करने की प्रक्रिया हर दिन सुबह 9 बजे से शुरू होगी और उपलब्ध पास खत्म होने तक जारी रहेगी।
राम मंदिर में होने वाली हर आरती के लिए पास जारी करने का समय अलग रखा गया है। सुबह 4 बजे और सुबह 6 बजे होने वाली मंगला आरती के लिए पास एक दिन पहले जारी किए जाएंगे। वहीं सुबह 9 बजे होने वाली आरती का पास उसी दिन उपलब्ध कराया जाएगा। इसलिए श्रद्धालुओं को अपनी यात्रा और दर्शन की योजना पहले से बनाकर ही पहुंचना चाहिए।
अगर आप तत्काल आरती पास बनवाना चाहते हैं तो सबसे पहले बिड़ला गेट के पास स्थित तीर्थ क्षेत्र कार्यालय के काउंटर पर जाना होगा। आवेदन करते समय पहचान के लिए आधार कार्ड साथ रखना जरूरी होगा। यदि माता-पिता छोटे बच्चे के साथ दर्शन के लिए आ रहे हैं तो बच्चे के साथ अपनी फोटो भी देनी होगी। ट्रस्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऑफलाइन सुगम दर्शन पास केवल वरिष्ठ नागरिकों और दूधमुंहे बच्चे के साथ आने वाले माता-पिता के लिए उपलब्ध रहेगा। वहीं एडवांस सुगम दर्शन पास की सुविधा सिर्फ ऑनलाइन रहेगी।
राम मंदिर ट्रस्ट नियमित दर्शन के लिए जारी किए गए दैनिक पासों की भी समीक्षा कर रहा है। जिन पासों की छह महीने की वैधता पूरी हो रही है उनका नवीनीकरण किया जा रहा है। फिलहाल शयन आरती के दैनिक पास जारी नहीं किए जा रहे हैं। ट्रस्ट इस व्यवस्था पर विचार कर रहा है और जल्द इस संबंध में निर्णय लिया जा सकता है।
विज्ञापन