Rampur- चारा काटने गए व्यक्ति की नदी में डूबने से मौत, तहसीलदार और कर्मचारियों पर लगा ये आरोप
भारत
चेतना मंच
05 Sep 2022 07:13 PM
Rampur- रामपुर जिले के स्वार तहसील के दढ़ियाल क्षेत्र में एक व्यक्ति की नदी में गिरकर मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति नदी के किनारे जंगल में पशुओं के लिए हरा चारा काटने के लिए गया हुआ था। तभी तहसीलदार और कर्मचारियों ने इसे दौड़ा लिया, बचकर भागने के प्रयास में यह शख्स नदी में गिर गया और इसकी मृत्यु हो गई।
यह पूरा मामला है रामपुर (Rampur) जिले के स्वार तहसील के दढ़ियाल क्षेत्र में स्थित अकबराबाद गांव का। इस गांव के निवासी फरीद अपने पशुओं के लिए हरा चारा लाने के लिए नदी के किनारे जंगल में गए हुए थे। फरीद का भाई सईद जो कि उस वक्त थोड़ी दूर पर ही खड़ा था ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान तहसीलदार टांडा व उनके कर्मचारियों ने फरीद को गाली देते हुए दौड़ा लिया। इनसे बचने के लिए फरीद भागने लगा, इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह कोसी नदी में जा गिरा।
ग्रामीणों की मदद से जब तक फरीद को पानी से बाहर निकाला गया, तब तक पानी में डूबने की वजह से उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा -
इस घटना के बाद अकबराबाद गांववासियों में काफी आक्रोश भरा हुआ है। घटना के बाद भड़के गांव वासियों ने काशीपुर अकबराबाद मार्ग पर शव रखकर जाम लगा, हंगामा किया।
मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी हरिओम चौहान व शिवपाल सिंह ने किसी तरह से ग्रामीणों को समझ-बुझाकर शव को गांव भेजा। मृतक फरीद के बाद भाई सईद के बयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।