
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 28 जुलाई को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “टूटी नंबर प्लेट से बीएमडब्ल्यू सवार तक पहुंची पुलिस” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-30 बाल स्थित चाइल्ड पीजीआई के सामने शनिवार रात हुए हादसे के बाद आरोपी बीएमडब्ल्यू कार समेत भाग गए। घटनास्थल पर स्कूटी के अलावा कार के अगले हिस्से के टुकड़े और टूटी नंबर प्लेट पड़ी थी। नंबर प्लेट की जांच कर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर सामने सेक्टर-26 में निठारी पुलिस चौकी है। हादसे की सूचना मिलते ही चौकी पुलिस के साथ ही सेक्टर-20 थाना प्रभारी डीपी शुक्ला मौके पर पहुंचे। वहां टूटी हुई स्कूटी के अलावा कार की नंबर प्लेट और अगले हिस्से के कुछ टुकड़े मिले।
नंबर प्लेट की जांच से पता चला कि कार सेक्टर-39 निवासी गगनदीप की है। गगनदीप से संपर्क करते ही पुलिस को यश का नाम पता चल गया। पुलिस जांच में पता चला कि कार चला रहे सेक्टर-37 निवासी यश शर्मा (22) ने अपने घर से कुछ दूरी पर कार छोड़ दी थी। पुलिस ने पहले यश को और बाद में सेक्टर-70 निवासी अभिषेक रावत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद कार बरामद कर ली गई। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को रात में ही मेडिकल कराया गया। जांच में दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई है।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “एयरफोर्स स्टेशन के पास दिखा ड्रोन, हड़कंप” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के बंबावड़ गांव में शनिवार रात 1 बजे संदिग्ध डोन दिखाई दिया। लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले घरों की रेकी करने के लिए चोरों ने ड्रोन के जरिये रेकी की है। गांव से कुछ ही दूरी पर एयरफोर्स का स्टेशन भी है। बादलपुर कोतवाली निरीक्षक अमित कुमार का कहना है कि कोई शिकायत नहीं मिली है। एयरफोर्स स्टेशन के अधिकारियों से जानकारी पर पता चला है कि वहां का ड्रोन नहीं है। वहीं कोतवाली क्षेत्र के रीलखा गांव में शनिवार रात 4 ड्रोन कैमरे दिखाई दिए। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस के गांव में पहुंचते ही ड्रोन अचानक गायब हो गए। इसके बाद से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के वक्त बदमाश घरों की रेकी करने के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल करते हैं।
Hindi News:
अमर उजाला ने 28 जुलाई 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “ई-बसों के लिए मॉडल बनेगा बॉटेनिकल गार्डन बस स्टैंड” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-38 ए बॉटेनिकल गार्डन बस स्टैंड को नोएडा प्राधिकरण ई-बसों के लिए मॉडल बस स्टैंड बनवाएगा। यहां पर ई-बसों के लिए प्लेटफार्म के साथ ही चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। ऐसे में बसें प्लेटफार्म पर लगने के साथ ही चार्ज भी होती रहेंगी।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 500 ई-बस सिटी बस के तौर पर चलाने की तैयारी है। आगे जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन भी शुरू होना है। एयरपोर्ट के लिए सीधे बॉटेनिकल गार्डन से बसें चलेंगी। यात्रियों की संख्या भी बढ़ेगी। इन सभी तथ्यों को देखते हुए प्राधिकरण ने बॉटेनिकल गार्डन बस स्टैंड के लिए तैयारी शुरू कर दी है। पूरी परियोजना का प्रारूप तैयार हो गया है। अब आगे मंजूरी के बाद टेंडर जारी होगा। प्राधिकरण की तैयारी के मुताबिक यहां पर 26 ई-बसों के लिए प्लेटफार्म बनवाए जाएंगे। इसके साथ ही चार्जिंग प्वाइंट भी बनेंगे। महामाया फ्लाईओवर की तरफ से आने पर ऑटो का जमावड़ा मास्टर प्लान रोड-3 पर और सेक्टर-38 अंडरपास के कोने पर दिखता है। इसको व्यवस्थित बनाने के लिए बस स्टैंड के अंदर ही ऑटो लेन व स्टैंड भी बनाया जाएगा। तैयारी यह है कि बस से उतरने वाले यात्री को ऑटो के लिए बाहर न जाना पड़े। इसी तरह यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस सहायता केंद्र भी बनाया जाएगा। एयरपोर्ट के साथ ही शहर में अन्य जगहों के लिए भी बस संचालन यहीं से होगा। इसको देखते हुए टिकट काउंटर और फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा। यात्री सुविधाओं में शौचालय, प्रतीक्षालय भी शामिल होगा। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि बस स्टैंड के कायाकल्प की योजना बनाई गई है। इसमें सुविधाओं को हाईटेक करने के साथ सुरक्षा पर भी जोर दिया जाएगा। पूरे परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी भी लगवाए जाएंगे।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 28 जुलाई 2025 का प्रमुख समाचार “बच्चों को डिजिटल ज्ञान देने के लिए 40 शिक्षक लेंगे प्रशिक्षण” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि बेसिक शिक्षा विभाग जिले के 40 शिक्षकों को आइआइटी कानपुर में प्रशिक्षण दिलाएगा, ताकि बच्चों को डिजिटल साक्षरता से जोड़ सकें। कक्षा छह से आठवीं तक के पाठ्यक्रम में एआइ, कोडिंग व डिजिटल लिट्रेसी शामिल है। इसलिए यह पहल की जा रही है। परिषदीय स्कूलों में कक्षा छह से आठ के पाठ्यक्रम में डिजिटल साक्षरता, कोडिंग व आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस आधारित कंप्यूटर पढ़ाई को शामिल किया गया है। यह पहल छात्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने की गई है। एससीईआरटी ने शिक्षकों को पहले ही विशेषज्ञों से प्रशिक्षण दिलाया था। अब शिक्षकों को राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाने का निर्णय लिया गया है। जिन शिक्षकों को प्रशिक्षण दिलाया जाना है, उनकी सूची बनाकर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान को भेजने की तैयारी है।
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में प्रमुख समाचार “खोदाई कार्य में टूटी पाइपलाइन, 24 घंटे लोगों को नहीं मिला पानी” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि पड़ोस की परियोजना में खोदाई कार्य के चलते पाइपलाइन फट गई। इससे रेडिकान वेदांतम सोसायटी में पेयजल की आपूर्ति प्रभावित हुई। करीब 24 घंटे तक सोसायटी में पानी की आपूर्ति नहीं हुईं। टैंकरों से पानी लेने के लिए लोग लाइन में लगे नजर आए। रविवार रात नौ बजे के बाद सोसायटी में आपूर्ति बहाल हो सकी। 500 से अधिक परिवार टैंकरों से पानी लेने के लिए पूरे दिन लाइन में लगे रहे।
बता दें रेडिकान वेदांतम सोसायटी में 500 परिवार रहते हैं। पडोस की परियोजना बुलंद एलिवेट में खोदाई कार्य चल रहा था। शनिवार शाम करीब छह बजे खोदाई कार्य के दौरान पाइपलाइन फट गई। रात आठ बजे वेदांतम सोसायटी में पानी की आपूर्ति घरों में पूरी तरह बंद हो गई। सोसायटी के अंडरग्राउंड और ओवरहेड टैंक पूरी तरह से सूख गए। रविवार सुबह सोसायटी में पानी की आपूर्ति के लिए प्राधिकरण के टैंकर पहुंचे। छुट्टी के दिन लोग लाइन में लगकर बर्तनों से पानी लेते नजर आए। प्राधिकरण की टीम ने टूटी पाइपलाइन को ठीक करने का कार्य शुरू किया। रात नौ बजे के बाद आपूर्ति बहाल हुई। देर रात 12 बजे के बाद व्यवस्थित पानी की आपूर्ति मिल सकी। निवासियों ने बताया कि रविवार को छुट्टी का दिन था। पूरा परिवार घर पर ही था। पानी नहीं आने पर काम नहीं हो सका। टैंकर के पीछे लाइन में लगकर एक बाल्टी पानी मिल रहा था। बाहर से बोतलबंद पानी भी मंगाया गया। सोसायटी आए दिन बिजली पानी के संकट से जूझ रही है।
Noida News: