
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 18 सितंबर को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “स्विमिंग पूल का पानी नाले में बहाने के बजाय शोधित कर किया इस्तेमाल” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि अक्सर पानी की किल्लत झेल रहे लोगों ने पानी बचाने की नई तरकीब निकाली है। गौड़ सिटी-2 स्थित प्रिस्टिन सोसाइटी की एओए ने स्विमिंग पूल का पानी नाले में बहाने के बजाय एसटीपी से ट्रीट कराया ताकि दोबारा इस्तेमाल में लगाया जा सके। इस तरह से करीब दो लाख लीटर पानी बचाया है। एओए अध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पहले बिल्डर प्रबंधन सोसाइटी की देखरेख करता था। इस दौरान स्विमिंग पूल बंद करने पर उसका पानी को सीधे नाले में डाल दिया जाता था। एओए ने मेंटेनेंस प्रबंधन के साथ मिलकर पानी बचाने की पहल शुरू की। ग्रेनो वेस्ट स्थित कई सोसाइटियों दिन पानी की समस्या लोगों को झेलनी पड़ती है। इसको देखते हुए सभी ने स्विमिंग पूल के पानी पानी को एसटीपी से ट्रीट कराकर रख लिया।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “तैयारियों का जायजा लेने कल आएंगे सीएम” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार दोपहर ग्रेटर नोएडा आएंगे। करीब दो घंटे तक बैठक करेंगे। वह आयोजन स्थल का निरीक्षण करेंगे और स्टॉल लगाने वाले लोगों की जानकारी लेंगे। सीएम योगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने वाले उद्यमियों के बारे में भी जानकारी लेंगे। पीएम के आगमन से एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी 24 सितंबर को एक बार फिर ग्रेटर नोएडा आएंगे और 25 सितंबर तक यहीं रहेंगे।
Hindi News:
अमर उजाला ने 18 सितंबर 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “सोलर ईकोसिस्टम पर खर्च होंगे 3000 करोड़” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि यमुना सिटी में एक ही जगह पर सौर पैनल से जुड़े उपकरणों के अलावा ऊर्जा को स्टोर करने प्लांट भी बनाया जाएगा। इसके लिए यमुना प्राधिकरण के सहयोग से निजी कंपनी एक इंटीग्रेटेड सोलर ईकोसिस्टम विकसित करेगी। इस प्रोजेक्ट पर करीब 3000 करोड़ रुपये का निवेश संभावित है। इसके लिए 100 एकड़ जमीन यमुना प्राधिकरण सेक्टर-8डी में देगा। बुधवार को यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन उपलब्ध कराने के लिए आशय पत्र आरपी-संजीव गोयनका समूह के प्रतिनिधियों को सौंपा। सीईओ ने बताया कि 60 मेगावाट क्षमता का ऊर्जा स्टोर करने के लिए ईएसएस प्लांट के साथ कंपनी तीन गीगावाट क्षमता की सोलर सेल उत्पादन यूनिट लगाएगी। यह काम कंपनी इंटीग्रेटेड सोलर इकोसिस्टम हब स्थापित करके करेगी। कंपनी का प्रस्ताव इस प्रोजेक्ट में करीब 3,000 करोड़ से अधिक के निवेश का है। यह प्रोजेक्ट नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह प्रोजेक्ट टॉपकॉन और पेरोव्स्काइट-टेंडेम सेल जैसी उन्नत सौर तकनीकों पर काम करेगी।
यह तकनीक सोलर पैनल की दक्षता 28-30 प्रतिशत तक बढ़ा देती है। बिजली की लागत में भी 10-15 प्रतिशत की कमी आने की उम्मीद है। सीईओ को कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रोजेक्ट में 1,200 से अधिक प्रत्यक्ष और 4,000 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। कंपनी यहां नवीकरणीय ऊर्जा के अलावा सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़ी तकनीक और कौशल विकास पर भी काम करने की योजना पर काम कर रही है। इस दौरान प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र भाटिया भी मौजूद रहे
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 18 सितंबर 2025 का प्रमुख समाचार “सेवानिवृत्त अधिकारी को मनी लाड्रिंग मामले में कार्रवाई का डर दिखा 1.70 करोड़ ठगे” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर 62 में वाणिज्य विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी से ठगों ने जेट एयरवेज के सह-संस्थापक नरेश गोयल के मनी लाडिंग मामले में शामिल होने पर कार्रवाई का डर दिखाकर ठगों ने 1.70 करोड़ रुपये ठग लिए। छह दिनों में ठगों ने दो बार में रकम ट्रांसफर कराई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
सेक्टर- 62 में 80 वर्ष के ओमप्रकाश श्रीवास्तव के पास नौ सितंबर को अनजान नंबर से काल आई थी। काल करने वाले ने कहा कि ओमप्रकाश के मोबाइल नंबर से लोगों का उत्पीड़न कर गाली-गलौज की जाती है। उन्होंने आरोप का विरोध कर अभद्रता करने से इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह कभी मुंबई नहीं गए और कोई कारोबार भी नहीं है। उन्होंने कालर से फोन नंबर ब्लाक करने के लिए कहा तो युवक ने मुंबई पुलिस के पास मुकदमा दर्ज होने की बात कही। कुछ सेकेंड बाद शिकायत की कापी उनके फोन पर भेज दी। इस पर वह घबरा गए। उनसे दबाव बनाकर कहा कि मामले में क्लीयरेंस सर्टिफिकेट के लिए मुंबई पुलिस से बात करनी पड़ेगी। तभी अचानक से उनकी काल मुंबई पुलिस के पास ट्रांसफर कर दी। दूसरा व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहनकर बैठा था। उसने बोला कि जेट एयरवेज के सह-संस्थापक नरेश गोयल के साथ उनका नाम मनी लांड्रिंग मामले में सामने आया है। सीबीआइ मामले की जांच कर रही है। उसने उन्हें कथित आइपीएस विजय खन्ना के बारे में बताया। कुछ मिनट बाद विजय खन्ना वीडियो काल से जुड़ गए। उन्हें एक पत्र भेजा, जिसमें 25 लाख रुपये नरेश गोयल को भेजने का जिक्र था। कहा कि, उनके आधार कार्ड इस्तेमाल हुआ है। उन्हें गिरफ्तारी का डर दिखाया। तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई। इस पर उन्हें वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जांच में शामिल होने का विकल्प दिया। आरोप है कि शातिरों ने मोबाइल पर ऐप डाउनलोड कराया। वीडियो काल पर कोर्ट रूम में जज द्वारा सुनवाई करने की तस्वीर दिखाई। डिजिटल तरीके से कोर्ट में पेश कराया। शातिरों ने डर दिखाया कि यदि परिवार के लोगों को बताया तो मुंबई पुलिस गिरफ्तारी कर लेगी। इस बीच उनके खाते से दो बार में 1.70 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए। डीसीपी साइबर प्रीति यादव का कहना है कि खातों की जांच कर रहे हैं। जल्द ही शातिरों का लिंक मिलने पर गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे।
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में प्रमुख समाचार “बिल्डर ने जमा की 60 करोड़ की बैंक गारंटी, दो सप्ताह में देना होगा गंगाजल” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि जेपी विशटाउन में रहने वाली एक लाख से अधिक की आबादी को दो सप्ताह में गंगाजल मिलेगा। बिल्डर की ओर से 60 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी जमा कर दी है। हाई कोर्ट के आदेशानुसार नोएडा प्राधिकरण को अब बैंक गारंटी जमा होने के बाद दो सप्ताह के भीतर सभी प्रक्रिया पूरी कर पानी देना होगा। सेक्टर 131, 133, 134 में बसी जेपी विशटाउन सोसायटी में एक लाख से अधिक की आबादी रहती है। एक दशक से यहां पर पानी की आपूर्ति प्राधिकरण की ओर से नहीं है। बोरवेल के जरिए प्रबंधन यहां पर पानी की आपूर्ति करता है। प्राधिकरण की ओर से पानी का कनेक्शन नहीं मिलने पर लोगों ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की। छह महीने में 22 सुनवाई हुई। हाई कोर्ट ने बिल्डर की 60 करोड़ की बैंक गारंटी प्राधिकरण में जमा करने और गारंटी मिलने के दो सप्ताह में पानी का कनेक्शन देने के लिए प्राधिकरण को आदेशित किया है। लोगों को अब जल्द ही गंगाजल मिलने की आस जगी है। दो सप्ताह में में पानी नहीं मिलने पर हाई कोर्ट के आदेश की अवहेलना होने को लेकर लोगों ने फिर कोर्ट जाने की भी चेतावनी सीधे तौर पर प्राधिकरण को दी है। लोग लंबे समय से यहां पर स्वच्छ पानी मिलने की आस देख रहे थे। कोर्ट के आदेश के बाद लोगों को अब आस ही नहीं स्वच्छ पानी मिलने की पूरी उम्मीद है।
नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक जल आरपी सिंह ने बताया कि कनेक्शन के लिए आवेदन मिलने के साथ पानी की आपूर्ति के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। विशटाउन के बाहरी क्षेत्र में आपूर्ति के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह से विकसित है। है। सभी प्रक्रिया पूरी होते ही अगले दिन से आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
Noida News: