Advertisement
Advertisement

Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 23 जून को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार "जेपी स्पोर्ट्स सिटी विवाद: खरीदारों के लिए YEIDA रजिस्ट्रेशन अनिवार्य" शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि जेपी स्पोर्ट्स सिटी की अधूरी पड़ी परियोजनाओं में वर्षों से फंसे लगभग 9 हजार फ्लैट खरीदारों को अब यमुना प्राधिकरण (YEIDA) की वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए प्राधिकरण ने वेबसाइट पर विशेष लिंक जारी करते हुए 'जेपी स्पोर्ट्स सिटी होम बायर्स इंफॉर्मेशन कलेक्शन फॉर्म' उपलब्ध कराया है। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि यमुना प्राधिकरण यह सुनिश्चित कर सके कि इन परियोजनाओं में फंसे असल खरीदार कितने हैं और उनकी स्थिति क्या है। खरीदारों का यह सत्यापन भविष्य की योजनाओं और आवंटन प्रक्रियाओं को पारदर्शी और प्रभावी बनाने में मदद करेगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2009-10 में जेपी एसोसिएट्स को विशेष विकास क्षेत्र (एसडीजेड) योजना के तहत करीब 1000 हेक्टेयर जमीन का आवंटन किया गया था, जिसमें बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट जैसी परियोजनाएं भी शामिल थीं। हालांकि, लीज रेंट का भुगतान समय पर न होने के चलते यमुना प्राधिकरण ने वर्ष 2020 में आवंटन रद्द कर दिया था। बाद में हाईकोर्ट ने प्राधिकरण के इस कदम को वैध ठहराते हुए निर्देश दिया कि जेपी स्पोर्ट्स सिटी की अधूरी ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी अब YEIDA को सौंपी जाए। प्राधिकरण न केवल फ्लैट निर्माण कार्य को पूर्ण कराएगा, बल्कि स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को भी विकसित करने का कार्य करेगा। यह पंजीकरण प्रक्रिया न केवल खरीदारों के लिए राहत की उम्मीद है, बल्कि परियोजनाओं के पुनरुद्धार की दिशा में एक निर्णायक पहल भी मानी जा रही है।
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “अंधेरे में 27वीं मंजिल से गिरे दो भाइयों की मौत” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि यमुना सिटी के सेक्टर-25 स्थित निर्माणाधीन प्रोजेक्ट एफ प्रीमियर होम्स एंड सोल की 27वीं मंजिल से गिरकर दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों वहां पर यूपीवीसी ग्लास लगाने का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि तभी अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई। अंधेरे में पैर फिसलने से दोनों नीचे गिर गए। आसपास मौजूद लोग गंभीर अवस्था में दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। वहीं मौके पर पहुंचे परिजनों ने कुछ किसान नेताओं के साथ मिलकर हंगामा किया। गाजियाबाद के मसूरी गांव निवासी आमिर (19) और सुहैल (23) चचेरे भाई हैं और यूपीवीसी ग्लास लगाने का काम करते हैं।
दोनों दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना-प्राधिकरण के सेक्टर 25 स्थित-निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे।-पुलिस ने बताया कि शनिवार दोपहर गांव से काम करने आए थे। बताया जा रहा है कि देर रात वो 27वीं मंजिल पर अन्य कारीगर के साथ काम कर रहे थे। तभी अचानक बिजली चली गई। इस कारण वहां पर अंधेरा हो गया। तभी अचानक पैर फिसलने से दोनों चचेरे भाई नीचे गिर गए। गंभीर अवस्था में दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर परिजन और एक किसान यूनियन के कुछ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिल्डर पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि साइट पर सुरक्षा की उचित व्यवस्था नहीं है। वहीं दनकौर कोतवाली पुलिस का कहना है कि 27वीं मंजिल से गिरने से दो युवकों की मौत हुई है। अभी परिजनों की तरफ से लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
Hindi News:
अमर उजाला ने 23 जून 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “10 दिन में शुरू हो जाएगा बिजली घर, 12 सेक्टरों को मिलेगी राहत” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा फेज-दो में नंगला चरणदास गांव में निर्माणाधीन बिजली घर अगले दस दिनों में बनकर तैयार हो जाएगा। इस बिजली घर का निर्माण कार्य नोएडा प्राधिकरण करा रहा है। इसके चालू होने से करीब एक दर्जन सेक्टरों, सोसाइटियों और गांवों में बिजली की आपूर्ति में सुधार होगा। इससे बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। 33-11 केवी क्षमता वाले इस बिजली घर के निर्माण पर लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसका निर्माण कार्य पिछले सवा साल से चल रहा था। यह बिजली घर सेक्टर-80, 81, फेज दो, नंगला चरणदास, सलारपुर और आसपास की अन्य सोसाइटियों से जुड़े फीडरों को बिजली सप्लाई करेगा। वर्तमान में इन क्षेत्रों को सेक्टर-115 के बिजली घर से आपूर्ति हो रही है, जिसके कारण कई बार बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या उत्पन्न होती है। फेज-दो एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जहां बिजली की मांग अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक है। औद्योगिक इकाइयों और आवासीय सोसाइटियों के कारण इस क्षेत्र में बिजली का लोड लगातार बढ़ रहा है। नया बिजली घर शुरू होने से न केवल बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि आपूर्ति की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। इससे उद्यमियों और स्थानीय निवासियों को निर्बाध बिजली मिल सकेगी। नोएडा प्राधिकरण के जीएम आर पी सिंह का कहना है कि बिजली घर का निर्माण अंतिम चरण में है और जल्द ही इसका परीक्षण शुरू किया जाएगा। इसके बाद लगभग अगले 10 दिन में इसे आधिकारिक रूप से चालू कर दिया जाएगा। इस परियोजना से नोएडा के औद्योगिक और आवासीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 23 जून 2025 का प्रमुख समाचार “पूर्व सीओओ पर कंपनी का डाटा लीक कर 100 करोड़ के नुकसान का आरोप” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि फेज-वन थाने में सेक्टर-4 स्थित यू फ्लैक्स लिमिटेड के वरिष्ठ महाप्रबंधक (मानव संसाधन विभाग) ने पूर्व अधिकारी सुतानु राय पर डाटा लीक कर 100 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने एसीजेएम कोर्ट के आदेश - पर जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ महाप्रबंधक मानस सरकार ने पुलिस को बताया कि बांग्लादेश की एक कंपनी से टाइअप के बाद प्लांट को अपने सुपुर्दगी में लिया था। 2021 में काम तेजी से करने के लिए कई लोगों की विभिन्न पदों पर नियुक्त की गई थी। वर्ष 2022 में बंगाल के सुतानु राय ने कंपनी को कैपेसिटी चीफ आपरेटिंग आफिसर के पद पर ज्वाइन किया था। वह फाइल प्लांट रन करने में विशेषज्ञ था। इस बीच उसने कंपनी के बांग्लादेश प्लांट की जानकारी कर यहां से ढाका जाकर प्लांट को अपने दम पर बेहतर तरीके से संचालित करने का आश्वासन दिया। प्रबंधन के लोग उसकी बातों में आ गए और पदोन्नति कर उसे सीओओ बनाकर भेज दिया। साथ ही उसने काम को बेहतर तरीके से करने के लिए बांग्लादेश की कंपनी का भी अप्वाइंटमेंट लेटर मांगा, जो प्रबंधन ने 2024 में दिया। उनके मुताबिक, आरोपित सुतानु को प्रतिवर्ष 65 लाख रुपये वेतन पर नियुक्त किया गया था। उसे प्लांट डिजाइन, वर्किंग, वेंडर सिस्टम समेत अन्य जानकारियां थीं। आरोप है कि अक्टूबर 2024 से सुतानु ने प्रबंधन को रिपोर्ट करना बंद कर दिया। बाद में उन्हें जानकारी हुई कि उसने प्रतिद्वंद्वी कंपनी को ज्वाइन कर लिया। यही नहीं, आरोपित ने दूसरी नई कंपनी को उनके प्लांट का पूरा डाटा और प्रोजेक्ट प्लान भी दे दिया। उनका दावा है कि आरोपित द्वारा धोखाधड़ी व साजिश करने से कंपनी को 100 करोड़ से अधिक का नुकसान हो गया। प्रबंधन ने पुलिस को कार्रवाई के लिए शिकायती पत्र देने के बाद कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। न्यायाधीश ने मामले में पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की तथ्यों के आधार पर जांच कर रहे हैं।
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में प्रमुख समाचार “डंपर की चपेट में आने से सुपरवाइजर की मौत” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि बिसरख कोतवाली क्षेत्र की निर्माणाधीन हाउसिंग सोसायटी निराला ट्रायो में शनिवार को डंपर की चपेट में आकर सुपरवाइजर की मौत हो गई। मृतक की पहचान जिला देवरिया, थाना लार, गांव बिरनी के गजेंद्र तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गजेंद्र निर्माणाधीन साइट का निरीक्षण कर रहे थे। तभी बैक करते समय वह डंपर की चपेट में आ गए। हादसे की जानकारी पर मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेने के साथ चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहनता के साथ जांच पड़ताल की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा – नोएडाकीखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएचेतनामंचसेजुड़ेरहें।
देश–दुनियाकीलेटेस्टखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएहमेंफेसबुकपरलाइककरेंयाट्विटरपरफॉलोकरें।