
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 24 सितंबर को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “ट्रेड शो का मंच तैयार, कल उठेगा पर्दा” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि प्रदेश के उद्योगों को वैश्विक मंच देने के लिए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 का मंच तैयार है। कल (बृहस्पतिवार) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे। उद्यमियों को संबोधित करने के अलावा प्रधानमंत्री अलग-अलग स्टॉल पर भी जाएंगे। जिला प्रशासन और औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार शाम ग्रेटर नोएडा पहुंच रहे हैं। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी भी उनसे पहले दोपहर में ग्रेटर नोएडा पहुंच जाएंगे। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री सुबह 9:30 बजे ग्रेटर नोएडा पहुंच जाएंगे। प्रदर्शनी में शामिल उद्यमियों से प्रधानमंत्री बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री का उद्यमियों के साथ एक फोटो सत्र भी रहेगा। इसमें गौतमबुद्धनगर के उद्यमियों को भी शामिल होने का मौका मिल सकता है। कुछ प्रमुख उद्यमियों के नाम इस सूची में शामिल किए गए हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय से इसके लिए अंतिम रूप से सहमति नहीं मिली है। अधिकारियों का कहना है कि एक्सपो मार्ट के 10 हॉल में यह प्रदर्शनी चलेगी। करीब 2500 कंपनियां यहां अपनी सेवाओं और उत्पाद को प्रदर्शित करेंगीं।
ड्रोन और पैराग्लाइडर उड़ाने पर 24 घंटे रोक: ट्रेड शो-2025 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने निषेधाज्ञा जारी की है। आदेश के मुताबिक गुरुवार को विशिष्ट अतिथियों के आगमन के चलते सुरक्षा कारणों से ड्रोन, गुब्बारे, रिमोट संचालित माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट और पैराग्लाइडर आदि उड़ाने पर 24 घंटे तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह निषेधाज्ञा बुधवार की मध्यरात्रि से प्रभावी होकर गुरुवार रात 12 बजे तक लागू रहेगी।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी जा सकते है सीएम, की गई तैयारी” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि मुख्यमंत्री बुधवार को आने के बाद नोएडा एयरपोर्ट भी जा सकते हैं। इसकी संभावना को देखते हुए मंगलवार को डीएम मेधा रूपम के साथ यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने नोएडा एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। अधिकारियों का कहना है कि 30 अक्तूबर को नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन में भी प्रधानमंत्री आ सकते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री पहले वहां जा सकते हैं। ऐसे संकेत मिले हैं। अधिकारियों 'का कहना है कि प्रधानमंत्री की जनसभा कहां कराई जा सकती है? अभी इसे देख लिया गया है। गौतमबुद्धनगर के अपने प्रवास के समय मुख्यमंत्री के निरीक्षण की संभावना को देखते हुए एयरपोर्ट के आसपास जरूरी विकास कार्य भी देखे गए हैं।
Hindi News:
अमर उजाला ने 24 सितंबर 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “सेक्टर-105 के ऑटोमोबाइल पार्क में मल्टीलेवल पार्किंग व रेस्तरां भी बनेंगे” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे किनारे सेक्टर-105 में वाहन शोरूम का ऑटोमोबाइल पार्क का ठिकाना देने की प्राधिकरण की परियोजना आगे बढ़ी है। प्राधिकरण के नियोजन विभाग ने यहां पर चिन्हित 10 हजार वर्ग मीटर जमीन में डिजाइन तैयार कर ली है। चार तल की इस इमारत में 10 वाहन शोरूम, मल्टीलेवल पार्किंग के साथ 4 रेस्तरां खोलने का प्रारूप तैयार हुआ है। पार्किंग में यहां पर वाहन खरीदने आने वाले लोग अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि अभी तक इस इमारत में पार्किंग व रेस्टोरेंट बनाने की योजना नहीं थी। अब इनको शामिल किया गया है। पार्किंग बेसमेंट के साथ-साथ बहुमंजिला भी बनाई जाएगी। इसके अलावा प्रति तल पर रेस्तरां के लिए जगह दी जाएगी। मौके पर चिन्हित की गई जमीन हाजीपुर सेक्टर-98 चौराहे से ग्रेटर नोएडा की तरफ चलने वाली सर्विस रोड के किनारे है। जमीन के चारों तरफ सड़क बनी हुई है। प्राधिकरण की तैयारी यह है कि भूखंड का लेआउट कार शोरूम मॉल की तरह बनाया जाए। इस तरह यहां पर अलग-अलग कंपनियों के 12 शोरूम खोले जा सकेंगे। करीब 12 बड़े शोरूम खुलने के लिए ज्यादा जगह दी जाएगी। प्रति तल पर करीब 20000 वर्ग फुट जगह निकलेगी। इसमें प्राधिकरण वाहन खड़ा करने से लेकर ग्राहकों के बैठाने की जगह चिन्हित कर देगा। तैयार होने वाली डिजाइन में कोई भी बदलाव विकासकर्ता प्राधिकरण की मंजूरी के बगैर नहीं कर सकेगा। भूतल और ऊपर तीन तल होने की वजह से सीढ़ियों के साथ लिफ्ट और वाहनों को ऊपर तक ले जाने के लिए रैंप भी बनाया जाएगा।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 24 सितंबर 2025 का प्रमुख समाचार “वीडियो बनाने का आरोप लगाकर पिता को पीटा, बेटी से की छेड़खानी, चार पर केस दर्ज” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि वीडियो बनाने के शक में कुछ लोगों ने एक शख्स के साथ मारपीट कर दी और उसकी बेटी के साथ अश्लील हरकत कर दी। सेक्टर-9 में रविवार को हुई इस घटना के बाद कोतवाली फेज वन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने पुलिस से शिकायत की है कि उनके पिता रविवार शाम को पास की दुकान पर राशन लेने गए थे। दुकान के सामने वह मोबाइल पर बात कर रहे थे। वहां मौजूद कुछ लोगों को लगा कि युवती के पिता उनकी वीडियो बना रहे हैं। युवकों ने जब मोबाइल मांगा तो व्यक्ति ने देने से इनकार कर दिया। इतनी सी बात पर लोग युवती के पिता के साथ गाली गलौज और मारपीट करने लगे। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित की बड़ी बेटी, छोटी बेटी और पत्नी मौके पर पहुंच गईं। वहां मौजूद सिकंदर, नूरी, सब्बीर और रवीना ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की। सिकंदर और सब्बीर ने युवती के साथ अश्लील हरकत कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कोतवाली फेज वन के प्रभारी निरीक्षक अमित मान का कहना है कि इस मामले में सिकंदर, नूरी, सब्बीर और रवीना के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में प्रमुख समाचार “आग से तीन गोदाम में रखा कबाड़ जला” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि दादरी रूपवास बायपास स्थित कैलाशुपर कालोनी के आसपास कबाड़ के गोदाम बने हैं। मंगलवार को अज्ञात कारणों से एक गोदाम में आग लग गई। आसपास के लोगों ने धुआं उठता देख दमकल कर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने जब तक आग पर काबू पाया। तीन गोदाम में रखा कबाड़ आग की चपेट में आ चुका था। दादरी पुलिस का कहना है कि आग लगने की किसी ने शिकायत नहीं की है। कोई मामला भी संज्ञान में नहीं आया है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित पोस्ट में कुछ पांच घरों के भी जलने की सूचना है। सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कबाड़ गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल कर्मियों ने आग बुझा दी। घरों में आग लगने की सूचना गलत है।
Noida News: