
Noida News: नोएडा, उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख और विकसित शहर है, जो हमेशा सुर्खियों में बना रहता है। यहां की खबरों में लोग गहरी रुचि लेते हैं, क्योंकि यह शहर विकास, तकनीक और प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र बन चुका है। हम आपके लिए नोएडा से जुड़े प्रतिदिन के सभी महत्वपूर्ण समाचार विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों के हवाले से एकत्र कर प्रस्तुत करते हैं। यहां आप जान सकेंगे कि 24 जुलाई को नोएडा के प्रमुख समाचार पत्रों में क्या खास प्रकाशित हुआ, सब कुछ एक ही स्थान पर, संक्षेप में और विश्वसनीय रूप से।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “सेक्टर-63 की दुकान में काम कर रहा था संदिग्ध जीशान, एटीएस ने किया गिरफ्तार” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि गुजरात एटीएस ने अलकायदा के चार संदिग्धों में से एक को नोएडा के छिजारसी से गिरफ्तार किया है। मंगलवार को गिरफ्तार जीशान मूलरूप मेरठ के किठौर का निवासी है। वह छिजारसी में रहता था और सेक्टर-63 में एफएनजी रोड स्थित सैनिक कम्यूनिकेशन नामक मोबाइल दुकान में एक महीने से काम कर रहा था। गिरफ्तारी के एक दिन बाद दुकान मालिक ने बताया कि जीशान के पास जब भी फोन आता था तब वह दुकान के बाहर चला जाता था। दुकानदार को जीशान के किसी आतंकी संगठन से जुड़े होने की जानकारी नहीं थी।
जीशान करीब एक महीने पहले मोबाइल दुकानदार असद के पास आया था। असद के ननिहाल के बगल के गांव के होने के कारण जीशान से उसकी जान पहचान थी। बुधवार को असद दुकान पर नहीं था। असद के साले जान मोहम्मद ने बताया कि जीशान दुकान पर काम करने आया था लेकिन वह हमेशा मोबाइल पर गेम खेलता रहता था। दुकानदार असद पूर्व परिचित होने के कारण जीशान को ज्यादा कुछ नहीं कह पा रहा था। मंगलवार को जीशान रोजना की तरह दुकान पर बैठा था। तभी गुजरात एटीएस की टीम उसे उठा कर अपने साथ ले गई। दुकान पर किसी को कुछ समझ नहीं आया और एटीएस टीम ने कुछ नहीं बताया। बाद में स्थानीय पुलिस व मीडिया के माध्यम से दुकानदार को पता चला कि आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के कारण जीशान को गुजरात एटीएस ले गई है। जान मोहम्मद ने बताया कि जीशान के पास जब फोन आता था तब वह दुकान के बाहर चला जाता था। हालांकि उसकी बातचीत से कभी ऐसा नहीं लगा कि वह देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हो सकता है। जीशान यहां से पहले कहां और क्या काम करता था, इसकी जानकारी जान मोहम्मद के पास नहीं थी।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “सौर ऊर्जा से भी रोशन होगा नोएडा एयरपोर्ट ” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के संचालन में ऊर्जा की जरूरत नवीकरणीय ऊर्जा (रिन्यूवबल एनर्जी) से भी पूरी की जाएगी। इसके लिए एयरपोर्ट परिसर में 13 मेगावॉट का सौर ऊर्जा प्लांट तैयार हो गया। कुछ दिनों में इसे बिजली की मुख्य लाइन में जोड़ दिया जाएगा। एयरपोर्ट के संचालन नवंबर में शुरू होने की संभावना है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (एनआईए) ने यूपी यूपी पावर कॉरपोरेशन से 113 मेगावॉट विद्युत आपूर्ति के लिए समझौता किया था। टाटा पावर ट्रेडिंग कंपनी लिमिटेड (टीपीटीसीएल) से अक्षय ऊर्जा उपलब्ध कराने के लिए समझौता किया था। इसमें पवन ऊर्जा से करीब 10.8 मेगावॉट और सौर ऊर्जा से करीब 13 मेगावॉट बिजली प्रतिदिन ली जानी है है। करीब 24 मेगावॉट ग्रीन एनर्जी एयरपोर्ट को मिलेगी। टाटा पावर ने सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया है। एयरपोर्ट अथॉरटी के अनुसार सौर ऊर्जा संयंत्र का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। सोलर पैनलों को सौर ऊर्जा संयंत्र से जोड़ दिया गया है। कंपनी 25 वर्षों तक संयंत्र का रखरखाव और संचालन करेगा।
Hindi News:
अमर उजाला ने 24 जुलाई 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “ज्योति सुसाइड केस: जेल में बंद शिक्षकों से पूछताछ के बाद कमेटी सौंपेगी रिपोर्ट” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि शारदा विश्वविद्यालय में बीडीएस की छात्रा ज्योति शर्मा की खुदकुशी के मामले में बृहस्पतिवार को जांच कमेटी अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है। हालांकि इससे पहले विश्वविद्यालय की कमेटी जेल में बंद आरोपी एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर से भी पूछताछ करेगी उसके बाद रिपोर्ट देगी। उधर छात्रा के परिजन भी बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। उनका कहना है कि अगरं कोई कार्रवाई नहीं की गई तो फिर विवि के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे। उधर, पुलिस भी कमेटी की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
शारदा विश्वविद्यालय में 18 जुलाई को बीडीएस की छात्रा ज्योति शर्मा ने खुदकुशी कर ली थी। आरोप है कि शिक्षकों के कारण छात्रा ने तनाव में आकर यह कदम उठाया। घटना के बाद काफी हंगामा भी हुआ। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर को गिरफ्तार कर जेल भेज | दिया। वहीं, विश्वविद्यालय प्रबंधन ने डीन समेत कई लोगों को निलंबित कर दिया। साथ ही एक कमेटी बनाकर जांच शुरू की। बृहस्पतिवार को कमेटी अपनी जांच रिपोर्ट देगी। विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि अभी जेल में बंद दोनों आरोपियों से भी पूछताछ की जाएगी। इस संबंध में पुलिस से अनुमति मांगी गई है। बृहस्पतिवार को टीम जिला कारागार जा सकती है। उसके बाद अपनी रिपोर्ट देगी। वहीं, पुलिस का कहना है कि कमेटी की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 24 जुलाई 2025 का प्रमुख समाचार “मानव अंग तस्करी और धन शोधन का डर दिखाकर ठग लिए डेढ़ करोड़ रुपये” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि एनटीपीसी के पूर्व अधिकारी किशोर कुमार की 80 वर्षीय पत्नी चित्रा सिंह को मानव अंग तस्करी व धन शोधन मामले में नाम आने का डर दिखाकर दस दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर लिया। बैंक से बार-बार ट्रांजेक्शन किए जाने पर बैंक कर्मी तो शक हुआ तो उसने पहले फोन पर सतर्क किया लेकिन वृद्धा के इन्कार करने पर वह घर पहुंच गई। इसके बाद समझा-बुझाकर ठगों के जाल से मुक्त कराया। इस बीच वृद्धा से ठग डेढ़ करोड़ रुपये ठग चुके थे। हालांकि बैंककर्मी महिला की मदद से पीड़िता एफडी तुड़वाने से बच गई। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एनटीपीसी हाउसिंग सोसायटी की आन्नम पाकेट-6 में रहने वाली चित्रा सिंह के पति किशोर कुमार एनटीपीसी में अधिकारी थे। सेवारत के दौरान उन्होंने पत्नी के नाम पर कुछ रकम अलग-अलग बैंकों में जमा कर रखी थी। आठ जुलाई को उनके फोन पर अनजान नंबर से वीडियो काल आया। काल करने वाले ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताकर कहा कि उनके आधारकार्ड समेत अन्य दस्तावेजों का प्रयोग मानव अंग तस्करी व धनशोधन के लिए हुआ है। उनके पर नरेश गोयल से संबंध होने का आरोप है। सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों को शक है कि वह भी उसी सिंडिकेट का हिस्सा हैं। ऐसे में आरोपितों ने उन्हें गिरफ्तारी का डर दिखाकर डिजिटल अरेस्ट कर लिया। इसके बाद कथित सीबीआइ अधिकारियों से भी महिला की बात कराई। इन ठगों ने उन्हें झांसा दिया कि वह उनकी मदद के लिए आनलाइन पूछताछ करेंगे। खातों में जितनी भी रकम है, उसे उनके बताए खाते में ट्रांसफर कर दें। यह रकम जांच के बाद उनके खाते में वापस भेज दी जाएगी। भरोसा दिलाने के लिए ठगों ने कसम भी खाई। इसके बाद महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करना शुरू कर दिया। एक सप्ताह से लगातार अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर किए जाने पर बैंक कर्मी महिला को शक हुआ। उन्होंने फोन पर मदद का आश्वासन देकर वृद्धा से लोन के लिए आवेदन करने के बावजूद ट्रांजेक्शन की वजह पूछी, लेकिन उन्होंने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया। इसी बीच उन्होंने फिक्सड डिपोजिट तुड़वाने के लिए बैंक में आवेदन किया। इस पर महिला बैंककर्मी वृद्धा के घर पहुंच गई तो पता चला कि ठगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर रखा है। इस पर बैंक कर्मी उन्हें साइबर थाने ले गईं और केस दर्ज कराया। साइबर थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि तीन खातों में रकम भेजी गई है। उनकी डिटेल मंगाकर जांच की जा रही है।
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में प्रमुख समाचार “बोरिंग के दौरान मिट्टी खिसकने से दबकर कामगार की मौत” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर- 44 स्थित छालेरा के डी ब्लाक में निर्माणाधीन गोदरेज रिवराइन में बोरवेल की मशीन पर काम करते वक्त मिट्टी खिसकने पर दबने से एक कामगार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। जानकारी के मुताबिक, कामगार 19 वर्षीय अर्जुन शुक्ला ग्राम मथुरा थाना कोतवाली देहात जनपद एटा का था। वह रोजगार की तलाश में नोएडा आया था। मंगलवार को निर्माणाधीन गोदरेज रिवराइन बिल्डिंग में बोरवेल की मशीन पर काम कर रहा था, तभी अचानक मिट्टी खिसकने से वह नीचे गिरकर उसमें दब गया। कामगार के दबने पर आसपास अफरातफरी मच गई। कामगार के गिरने पर पास में काम कर रहा ठेकेदार और अन्य लोग दौड़कर बचाने के लिए पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद निकालकर अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कामगार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के स्वजन को भी हादसे की जानकारी दे दी है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार का कहना है कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। अभी कोई शिकायत नहीं मिली है।