Republic Day:कोरोना के चलते गणतंत्र दिवस समारोह में नहीं शामिल होंगे विदेशी मेहमान
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 03:54 AM
New Delhi: नईदिल्ली । भारत में गणतंत्र दिवस की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। लेकिन निराश करने वाली खबर आ रही है कि देश में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के चलते विदेशी मेहमानों ने इस कार्यक्रम में भाग लेने से मना कर दिया है। यह लगातार दूसरा साल है जब बिना विदेशी मेहमानों के ही गणतंत्र दिवस के समारोह आयोजित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि इस साल भारत ने गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए कजाकिस्तान ,किरगिस्तान,ताजिकिस्तान,तुर्कमेनिस्तान और उजबेकिस्तान के नेताओं को न्योता भेजा था। हालांकि अभी तक इसका कोई औपचारिक ऐलान नहीं किया गया था। इसी बीच कोरोना का हवाला देते हुए विदेशी मेहमानों ने भारत के गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों में शामिल होने को लेकर असमर्थता व्यक्त कर दी है। बतादें कि पिछले साल के गणतंत्र समारोह में शामिल होने के लिए भारत ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया था। लेकिन आखिरी समय में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते उन्होंने भी भारत का दौरा रद्द कर दिया था और गणतंत्र दिवस समारोह बिना मुख्य अतिथि के ही मनाया गया था। इससे पहले 1966 में गणतंत्र दिवस समारोह बिना मुख्य अतिथि के सम्पन्न हुआ था,जब तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का 24 जनवरी को निधन हो गया था और इंदिरा गांधी देश की प्रधानमंत्री बनी थी। इसके अलावा 1952 और 1953 में गणतंत्र दिवस समारोह बिना मुख्य अतिथि के ही मनाया गया था।