RJD-कांग्रेस के रिश्तों में आई दरार! सामने आई सबसे बड़ी वजह
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 04:55 PM
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर घमासान शुरू हो चुका है। खासकर कुटुंबा (SC) विधानसभा सीट को लेकर राजद (RJD) और कांग्रेस के बीच तनाव गहराता जा रहा है। कांग्रेस इस सीट को अपनी परंपरागत और मजबूत सीट मानती है जबकि RJD ने इस बार यहां से पूर्व मंत्री सुरेश पासवान को उतारने की तैयारी करके नया दांव खेल दिया है। कुटुंबा सीट अब सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र नहीं बल्कि महागठबंधन की एकजुटता की असली परीक्षा बन चुकी है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि RJD जानबूझकर दबाव की राजनीति कर रही है और उनकी साफ जीत वाली सीट को छीनने की कोशिश में है। Bihar Election 2025
किसका रहा है दबदबा?
कांग्रेस का इस सीट पर लंबे समय से प्रभाव रहा है। मौजूदा विधायक राजेश कुमार, जो कांग्रेस के टिकट पर जीते थे, लगातार सात बार इस सीट पर काबिज रहे हैं पहले उनके पिता और अब वे खुद।2020 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने 50,822 वोट हासिल कर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के शर्वन भुइंया को 16,653 वोटों के बड़े अंतर से हराया था।
कांग्रेस का मानना है कि RJD अपना उम्मीदवार थोपकर कांग्रेस की पकड़ को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, ये विवाद केवल सीट तक सीमित नहीं है बल्कि राजनीतिक नेतृत्व और सत्ता संतुलन की खींचतान भी इसका हिस्सा है। कुछ कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राजेश राम को डिप्टी सीएम पद का चेहरा न बनने देने के लिए अंदरखाने रणनीति रची जा रही है। कांग्रेस अब RJD की शर्तों पर चलने के मूड में नहीं दिख रही है। पार्टी ने इस बार 76 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है और उनमें से 38 सीटों पर जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा भी कर सकती है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस अब RJD की 'ग्रीन सिग्नल' का इंतजार नहीं करेगी और अपनी रणनीति खुद बनाएगी।
दिल्ली में आज कांग्रेस की बड़ी बैठक
इस पूरे विवाद के बीच, आज दिल्ली में कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जिसमें बिहार से कई वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में कांग्रेस अपने रुख को लेकर स्पष्ट और आक्रामक लाइन ले सकती है। Bihar Election 2025