
बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' के तीसरे दिन वजीरगंज स्थित प्राचीन पुनावा हनुमान मंदिर पर भारी हलचल रही। स्थानीय लोग राहुल गांधी का स्वागत करने और मंदिर में पूजा-अर्चना करवाने के लिए लंबे समय तक इंतजार करते रहे, लेकिन कांग्रेस नेता और उनके साथ तेजस्वी यादव का काफिला मंदिर तक रुके बिना सीधे आगे निकल गया। यात्रा की शुरुआत पूजा-अर्चना से होने वाली थी, लेकिन राहुल गांधी के मंदिर न रुकने से वहां खड़े लोग निराश और नाराज नजर आए। Bihar News
मंदिर में पूजा के लिए सजाई गई थाली वहीं रह गई, लेकिन राहुल गांधी का काफिला मंदिर के पास से गुजरते हुए बिना रुके सीधे आगे बढ़ गया। इस पर स्थानीय लोग, खासकर युवा, भारी नाराज नजर आए। कुछ युवाओं ने 'बीजेपी जिंदाबाद' के नारे लगाकर अपनी भड़ास निकाली। वजीरगंज के युवाओं का कहना है कि नेता केवल वोट लेने आते हैं, जबकि उनके लिए यह प्राचीन हनुमान मंदिर बेहद महत्वपूर्ण है। राहुल गांधी के मंदिर में न ठहरने से युवाओं में गहरा आक्रोश फैल गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने 'वोटर अधिकार यात्रा' की शुरुआत सासाराम से की थी और सोमवार को गया में पहुंचने से पहले औरंगाबाद का रुख किया। यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता ने मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों को चेतावनी दी कि गठबंधन सरकार बनने पर "वोट चोरी" के मामलों में सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में उनकी पार्टी हर विधानसभा और लोकसभा क्षेत्र में "वोट चोरी" का पर्दाफाश करेगी। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी विशेष पैकेज की घोषणा करते हैं, उसी तरह चुनाव आयोग ने बिहार के लिए SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) नामक नया प्रावधान लाया है, जो "वोट चोरी का एक नया रूप" है।
Bihar News