त्योहारी सीजन से पहले झटका! 1 अक्टूबर से बदल रहे हैं ये जरूरी नियम
भारत
चेतना मंच
30 Sep 2025 10:40 AM
हर महीने की पहली तारीख को कई अहम नियमों में बदलाव होता है। इस बार 1 अक्टूबर से जो बदलाव होने जा रहे हैं वे आपकी जेब, बैंकिंग, पेंशन, टिकट बुकिंग, UPI लेनदेन और यहां तक कि ऑनलाइन गेमिंग तक से जुड़े हुए हैं। चूंकि ये बदलाव दशहरे से पहले लागू हो रहे हैं इसलिए इनकी जानकारी समय रहते होना बेहद जरूरी है वरना बाद में पछताना पड़ सकता है। इस रिपोर्ट में हम आपको बताते हैं उन 15 बड़े बदलावों के बारे में जो 1 अक्टूबर 2025 से लागू हो जाएंगे। Rule Change October 2025
एलपीजी सिलेंडर के दाम में बदलाव
हर महीने की तरह इस बार भी 1 अक्टूबर को LPG, CNG और जेट फ्यूल के दामों में बदलाव होगा। हाल के महीनों में सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर (19 किलो) की कीमतों में बदलाव आया है जबकि घरेलू सिलेंडर की कीमतें स्थिर हैं। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में 8 अप्रैल 2025 से दाम जस के तस हैं।
ट्रेन टिकट बुकिंग के नियम सख्त
अब रिजर्वेशन खुलने के पहले 15 मिनट तक केवल वही लोग ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे जिनका Aadhaar वेरिफिकेशन पूरा है। यह नियम पहले केवल तत्काल टिकट पर लागू था अब यह जनरल रिजर्वेशन पर भी अनिवार्य होगा।
बंद होगा UPI का 'कलेक्ट रिक्वेस्ट' फीचर
अब आप किसी से UPI पर पैसे मांग नहीं सकेंगे। 'Pull Transaction' फीचर 1 अक्टूबर से बंद हो जाएगा ताकि ऑनलाइन धोखाधड़ी और फिशिंग से बचा जा सके।
बढ़ेगी UPI ट्रांजैक्शन की लिमिट
अब एक बार में 5 लाख रुपये तक का UPI लेनदेन किया जा सकेगा। इससे रियल एस्टेट, ई-कॉमर्स और बिजनेस ट्रांजैक्शन में सहूलियत होगी।
शुरू होगी UPI ऑटो-पे सुविधा
अब सब्सक्रिप्शन और बिल पेमेंट के लिए UPI पर ऑटो-डेबिट संभव होगा। हर ट्रांजैक्शन पर नोटिफिकेशन मिलेगा और यूज़र चाहें तो उसे कभी भी रोक सकते हैं।
NPS में न्यूनतम योगदान बढ़ा
अब NPS (National Pension System) में मासिक न्यूनतम योगदान 500 से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया गया है। इससे आपकी रिटायरमेंट सेविंग्स मजबूत होंगी।
PRAN किट और शुल्क में बदलाव
सरकारी कर्मचारियों को अब नया PRAN नंबर लेने पर e-PRAN किट के लिए 18 रुपये देने होंगे। वहीं NPS Lite के ग्राहकों के लिए शुल्कों को सरल किया गया है।
अब 100% इक्विटी में निवेश संभव
गैर-सरकारी ग्राहक अब चाहें तो अपनी पूरी राशि (100%) इक्विटी यानी शेयर बाजार में निवेश कर सकते हैं। इससे संभावित रिटर्न तो बढ़ेगा लेकिन जोखिम भी रहेगा।
एक PRAN पर मल्टी स्कीम का विकल्प
अब निवेशक एक ही PRAN के तहत अलग-अलग स्कीमें चुन सकेंगे। इससे उन्हें बेहतर प्लानिंग और विकल्प मिलेंगे।
ऑनलाइन गेमिंग को मिलेगी नई गाइडलाइन
अब सभी रियल मनी गेमिंग प्लेटफॉर्म को MeitY से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। गेम खेलने की न्यूनतम उम्र 18 साल तय की गई है।
RBI की बैठक
1 अक्टूबर को RBI की मौद्रिक नीति समिति की बैठक है। अगर रेपो रेट में कटौती होती है, तो होम और ऑटो लोन की EMI में राहत मिल सकती है।
स्मॉल सेविंग स्कीम्स की ब्याज दरें बदलेंगी
PPF, Sukanya Samriddhi, SCSS और अन्य डाकघर स्कीम्स की ब्याज दरों में बदलाव 1 अक्टूबर से लागू होगा।
अक्टूबर में बैंकों की छुट्टियों की भरमार
दशहरा, गांधी जयंती, करवा चौथ, दिवाली जैसी छुट्टियों के कारण बैंकों में ताले लग सकते हैं। RBI की हॉलिडे लिस्ट जरूर चेक करें।
स्पीड पोस्ट सेवा में शुल्क में बदलाव किया गया है। अब मिलेगी OTP आधारित डिलीवरी, SMS अलर्ट और रियल टाइम ट्रैकिंग। छात्रों को 10%, और नए थोक ग्राहकों को 5% की छूट भी दी जाएगी। Rule Change October 2025