रुपया सिर्फ मुद्रा नहीं, राष्ट्र का आत्मसम्मान है: वरुण गांधी
भारत
RP Raghuvanshi
26 Nov 2025 06:23 PM
Lucknow: लखनऊ। अपने बेबाक अंदाज से अपनी ही पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को असहज करने वाले वरुण गांधी ने गुरुवार को भारतीय रिजर्व बैंक पर निशाना साधा है। पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी ने डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती हुई कीमत को लेकर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) से इसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का अनुरोध किया। उन्होंने ट्वीट में कहा, रुपया सिर्फ मुद्रा नहीं, राष्ट्र का आत्मसम्मान है! आपको बता दें कि वरुण गांधी सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा सक्रिय रहते हैं और बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर अपनी सरकार को निशाना बनाने से भी नहीं चूकते हैं।
वरुण गांधी ने एक फोटो साझा करते हुए लिखा कि लगातार गिर रहे रुपये के मूल्य से प्रभावित है हर भारतीय का जीवन और क्षीण है हमारा आत्मविश्वास। सरहद पर राष्ट्र की रक्षा करने वाले सैनिकों की तरह आरबीआई को रसातल में जाते रुपये को बचाने के लिए हर संभव कदम उठाने होंगे। रुपया सिर्फ मुद्रा नहीं, राष्ट्र का आत्मसम्मान है! हमारी पहचान है!
इससे पहले वरुण गांधी ने बेरोजगारी से जुड़ी हुए एक खबर की तस्वीर ट्वीट करते हुए सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि आंकड़ें जो डराते हैं। देश में बेरोजगारी दर - 7.80 प्रतिशत, हरियाणा - 30.6 फीसदी, राजस्थान - 29.8 फीसदी, असम - 17.2 फीसदी, जम्मू-कश्मीर- 17.2 फीसदी, बिहार- 14 फीसदी...। 1.3 करोड़ लोगों की नौकरियां गई। करोड़ों खेतिहर मजदूरों और श्रमिकों के पास कोई रोजगार नहीं। क्या इन आंकड़ों के साथ हम देश के विकास की गाथा लिखेंगे?