
Saharanpur News : सहारनपुर की थाना कोतवाली नगर के नखासा बाजार में दो पक्षों में किसी बात को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें दोनों पक्ष के छह लोग को गंभीर चोटे आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने एक की हालत को गंभीर देखते हुए चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया।
थाना इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि नखासा बाजार में असलम की सराफ की दुकान है। उसके सामने चांद की जूतों की दुकान है। दोनों कारोबारियों में 10 बजे किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद दोनों पक्ष के लोग आमने सामने हो गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और सरिए चल गए। असलम पक्ष में दानिश, तारिख, हाजी अकरम व सलमान को गंभीर चोटे आई। जिसमें से हाजी अकरम की हालत देखते हुए चिकित्सकों ने चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जबकि चांद पक्ष में नौशाद व सारिक को गंभीर चोटे आई। जो जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है।
दोनों पक्षों के विवाद में बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने दोनों पक्षों को छुड़वाने का प्रयास किया। लेकिन दोनों पक्षों ने किसी की नहीं सुनी। पुलिस के पहुंचने पर दोनों पक्ष शांत हुए।
दुकानदारों ने बताया कि दोनों पक्षों में छह माह से तनातनी चल रही है। इससे पूर्व दो जूतों वालों में आपसी झगड़ा हुआ था। जिसका बीच बचाव कराने के लिए असलम, जोकि मार्किट के प्रधान है पहुंच गए थे। दोनों पक्षों को शांत कराया था। दोनों पक्ष शांत तो हो गए थे लेकिन नौशाद पक्ष सुनार असलम के लिए खुन्नस रखने लगा। आरोप है कि छह माह में यह चौथी बार है जब दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ है लेकिन बाजार के लोगों की मौजूदगी में मामले को निपटा लिया जाता था, लेकिन अब बात ज्यादा बढ़ गई है। हालांकि दोनों पक्ष की ओर से अभी तक थाने में तहरीर नहीं दी गई है।
एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि दोनों पक्ष के झगड़े में 6 लोग घायल हुए है। जिनमें से एक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।