देहरादून के सहस्त्रधारा में बादल फटने से तबाही, कई लोग लापता
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 03:24 AM
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 03:24 AM
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में बुधवार देर रात बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचाई। भारी बारिश के चलते सहस्त्रधारा क्षेत्र में अचानक जलप्रलय जैसी स्थिति बन गई जिससे कई दुकानें तेज बहाव में बह गईं और लाखों रुपये का नुकसान हुआ। दो लोग लापता हैं जिनकी तलाश युद्धस्तर पर जारी है। Dehradun News
जैसे ही घटना की जानकारी मिली जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए संबंधित विभागों के साथ तत्काल समन्वय स्थापित किया। SDRF, NDRF और लोक निर्माण विभाग की टीमें रात में ही जेसीबी और अन्य उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया।
सुरक्षित निकाले गए स्थानीय लोग
तेज बहाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने रात में ही आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की वजह से एक बड़ी अनहोनी टल गई। एसडीएम कुमकुम जोशी रात में ही घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत कार्य की निगरानी की। जिलाधिकारी ने भारी बारिश को देखते हुए देहरादून जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। IT पार्क क्षेत्र में पानी के तेज बहाव से कई गाड़ियां सड़क पर बह गईं जैसे खिलौने पानी में बह जाते हैं। वहीं, टपकेश्वर महादेव मंदिर में भी 1-2 फीट मलबा जमा हो गया है, जिससे मंदिर परिसर को काफी नुकसान पहुंचा है।
बादल फटने की घटना के बाद ऋषिकेश की चंद्रभागा नदी भी उफान पर आ गई है। नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया कि उसका पानी हाईवे तक पहुंच गया। SDRF टीम ने नदी में फंसे तीन लोगों को सकुशल रेस्क्यू किया। देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर फन वैली और उत्तराखंड डेंटल कॉलेज के पास एक पुल को भी नुकसान पहुंचा है। सहस्त्रधारा क्षेत्र में कई दुकानें पूरी तरह बह गईं हैं, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। लापता लोगों की तलाश जारी है, और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नदी और नालों के पास न जाएं। Dehradun News