'सख्त लौंडा' ने न्यूयॉर्क में मचाया धमाल, रच डाला बड़ा इतिहास
भारत
चेतना मंच
19 Aug 2025 11:24 AM
भारत के सबसे चर्चित और चहेते स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान (Zakir Khan) ने न्यूयॉर्क की धरती पर ऐसा इतिहास रच दिया है, जो अब तक किसी भारतीय कलाकार ने नहीं किया था। 17 अगस्त रविवार की रात मैडिसन स्क्वायर गार्डन के भरे हुए हॉल में जाकिर ने पूरी तरह हिंदी में स्टैंडअप कॉमेडी कर न सिर्फ दर्शकों को हंसाया बल्कि हिंदी भाषा का मान भी बढ़ाया। Zakir Khan
पहली बार 'द गार्डन' में गूंजी हिंदी
करीब 6,000 से अधिक दर्शकों के सामने जाकिर खान ने जब मंच संभाला तो महज कॉमेडी नहीं हुई वो एक एहसास होने के साथ-साथ एक अनुभव था। यही वजह है कि शो खत्म होने के बाद जाकिर को स्टैंडिंग ओवेशन मिला और यह पल इतिहास बन गया।
हसन मिन्हाज भी हुए कायल
अमेरिका के लोकप्रिय कॉमेडियन और लेखक हसन मिन्हाज भी इस ऐतिहासिक शाम का हिस्सा बने। उन्होंने शो के बाद जाकिर के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “यह दुनिया भर में कॉमेडी के लिए एक ऐतिहासिक रात थी। मैंने अपने भाई जाकिर खान को ‘द गार्डन’ में पूरी तरह हिंदी में हेडलाइन करते देखा इतिहास में पहली बार। वह जिस तरह कहानी और कविता को कॉमेडी में पिरोते हैं वैसा मैंने पहले कभी नहीं देखा। मुझे लगता है मेरे मम्मी-पापा अब उन्हें मुझसे ज्यादा पसंद करते हैं और मुझे कोई शिकायत नहीं।”
इस ऐतिहासिक उपलब्धि की चर्चा केवल मैडिसन स्क्वायर गार्डन तक सीमित नहीं रही। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर के विशाल बिलबोर्ड्स पर भी जाकिर खान के पोस्टर जगमगाए। सोशल मीडिया पर फैंस ने इस पल को गर्व से साझा किया और जमकर बधाइयां दीं। शो का वीडियो जाकिर खान ने खुद अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा किया जिसमें वह स्टेज पर झुककर दर्शकों का आभार प्रकट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में तालियों की गूंज और दर्शकों की प्रतिक्रिया ने यह साबित कर दिया कि जाकिर सिर्फ एक कॉमेडियन नहीं एक फीलिंग हैं जो दिलों से जुड़ते हैं। इस शो के बाद जाकिर खान अब सिर्फ भारत के नहीं बल्कि दुनिया भर के स्टेज पर हिंदी कॉमेडी के सबसे चमकते सितारे बन चुके हैं। Zakir Khan