विज्ञापन
Sarla Bhat rape and murder case : सरला भट्ट शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ (SKIMS), श्रीनगर की स्टाफ़ नर्स थी।

Sarla Bhat rape and murder case : कश्मीर की स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने सरला भट्ट के रेप और मार्डर मामले में NIA एक्ट के तहत एडिशनल सेशंस जज की अदालत में 737 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दायर की है। सरला भट्ट शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ (SKIMS), श्रीनगर की स्टाफ़ नर्स थी। उनकी हत्या 18 अप्रैल 1990 को कथित तौर पर JKLF के आतंकवादियों ने कर दी थी।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक जांच में पता चला कि इस अपराध की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में JKLF के तत्कालीन चीफ कमांडर मोहम्मद यासीन मलिक के साथ-साथ खुर्शीद अहमद चालकू, अब्दुल हामिद शेख, मोहम्मद यूसुफ सूफी उर्फ इदरीस और गुलाम मोहम्मद टपलू भी शामिल थे।
अब्दुल हमीद शेख, मोहम्मद यूसुफ़ सूफ़ी उर्फ़ इदरीस और गुलाम मोहम्मद टपलू की मौत हो चुकी है। वहीं मोहम्मद यासीन मलिक फ़िलहाल एक दूसरे मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।
फरार आतंकवादी खुर्शीद अहमद चालकू (जिसने गोली चलाई थी) फरार है और माना जाता है कि वह पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर भाग गया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कौन थी सरला भट्ट?
15 अप्रैल 1990 को श्रीनगर में हॉस्टल से भट्ट का अपहरण कर लिया गया था। कई रिपोर्टों में कहा गया है कि बंधक बनाए जाने के दौरान भट्ट के साथ बलात्कार किया गया और उन्हें प्रताड़ित किया गया। 19 अप्रैल की सुबह श्रीनगर के डाउनटाउन इलाके में सौरा के मल्लाबाग में सड़क किनारे उनका क्षत-विक्षत शव मिला, जिसके साथ हाथ से लिखा एक नोट भी था। नोट में, जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) के उग्रवादियों ने उनकी हत्या की ज़िम्मेदारी ली और सरला पर अस्पताल में उग्रवादियों की मौजूदगी के बारे में पुलिस को सूचना देने का आरोप लगाया। सरला के शरीर पर JKLF लिखा हुआ था।
सरला भट्ट को एक ईमानदार और आधुनिक सोच वाली युवा महिला के तौर पर जाना जाता था जिन्होंने लगातार मिल रही धमकियों के बावजूद अपना पेशा छोड़ने से इनकार कर दिया था।
सरला भट्ट, शंभू नाथ भट्ट की सबसे बड़ी संतान थीं। उनका जन्म 1963 के आसपास हुआ था। उनके पिता स्कूल टीचर थे और वे अनंतनाग के काज़ी बाग मोहल्ले में रहते थे, जहां ज़्यादातर कश्मीरी हिंदू, मुख्य रूप से पंडित रहते थे। सरला ने अनंतनाग के एक सरकारी कॉलेज से इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया और बाद में नर्सिंग में BSc की पढ़ाई की।
विज्ञापन