SBI बैंक में अब तक की सबसे बड़ी लूट! एक साथ दो राज्यों की पुलिस अलर्ट
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 08:10 AM
कर्नाटक के विजयपुरा जिले में स्थित चादचान SBI शाखा में मंगलवार शाम को हुई लूट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। पांच हथियारबंद और नकाबपोश लुटेरे, सेना जैसी वर्दी पहनकर बैंक में घुसे और 58 किलो सोना और करीब 8 करोड़ रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। यह अब तक की सबसे बड़ी बैंक लूट की वारदातों में से एक मानी जा रही है और पुलिस इसे एक सुनियोजित और पेशेवर गैंग की करतूत मान रही है। SBI Bank
लुटेरे घुसे सेना जैसी वर्दी में
घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे की है जब लुटेरे देसी कट्टों और हथियारों से लैस होकर बैंक में दाखिल हुए। उन्होंने बैंक मैनेजर, कैशियर और अन्य स्टाफ को धमकाते हुए अलार्म दबाने से रोका फिर उन्हें रस्सियों से बांध दिया। इसके बाद लुटेरे सीधे वॉल्ट रूम में घुसे और वहां से 58 किलो सोना (जो ग्राहकों के गिरवी जेवर थे) और 8 करोड़ रुपये नकद लेकर एक सफेद कार में फरार हो गए।
लूट के बाद छोड़ी गई कार मिली महाराष्ट्र में
बुधवार सुबह महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर में एक सुनसान जगह पर वही कार बरामद हुई, जिससे लुटेरे फरार हुए थे। कार खाली थी लेकिन उसमें रस्सियां, नकाब और अन्य सबूत मिले जिससे पुष्टि हो गई कि यह वही गाड़ी है। पुलिस को शक है कि लुटेरे कार छोड़कर किसी अन्य साधन से भाग निकले। कर्नाटक और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीमें अब पंढरपुर, सोलापुर और सीमावर्ती इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी जांच में लगाया गया है।सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है। विजयपुरा के एसपी लक्ष्मण निम्बार्गी और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और जांच की निगरानी कर रहे हैं।
बैंक अधिकारियों के मुताबिक, जो सोना लूटा गया वह ग्राहकों के गिरवी जेवर थे और कैश दैनिक लेनदेन के लिए था। अब तक का कुल अनुमानित नुकसान 60 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बैंक की कमजोर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। क्षेत्र में तनाव का माहौल है। जांच अधिकारियों का मानना है कि यह लूट किसी मनी-हाइस्ट स्टाइल गैंग की साजिश हो सकती है। कुछ महीने पहले कर्नाटक के दावणगेरे में SBI की एक शाखा से 17 किलो सोना चोरी हुआ था। ऐसे में आशंका है कि यह कोई संगठित गिरोह है जो बैंकों की सुरक्षा खामियों का फायदा उठाकर एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहा है। SBI Bank