SBI में करियर बनाने का सुनहरा मौका! 6589 पदों पर भर्ती शुरू, पूरी जानकारी पढ़ें डिटेल में
भारत
चेतना मंच
06 Aug 2025 11:49 AM
SBI Job Notification: सरकारी बैंक में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। इंडियन बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (IBPS) के बाद अब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने भी क्लर्क के 6589 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इच्छुक उम्मीदवार sbi.co.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया 6 अगस्त 2025 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 26 अगस्त 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती में कुल 6589 रिक्तियां निकली हैं, जिनमें 5180 रेगुलर और 1409 बैकलॉग पद शामिल हैं। रेगुलर पदों में 2255 अनारक्षित (जनरल), 788 एससी, 450 एसटी, 1179 ओबीसी और 508 ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित हैं। उम्मीदवार केवल एक राज्य के लिए आवेदन कर सकते हैं और आवेदन करने से पहले यह सुनिश्चित करें कि उन्हें उस राज्य की स्थानीय भाषा पढ़नी, लिखनी और समझनी आती हो।
कहां कितनी वैकेंसी है?
राज्यवार रिक्तियों का भी विवरण नोटिफिकेशन में दिया गया है। गुजरात में 220, आंध्र प्रदेश में 310, कर्नाटक में 270, उत्तर प्रदेश में 514, महाराष्ट्र में 476, बिहार में 260, तमिलनाडु में 380 और अन्य राज्यों में भी विभिन्न पदों के लिए आवेदन किए जा सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। फाइनल ईयर के स्टूडेंट्स भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते उनकी डिग्री 31 दिसंबर 2025 तक पूरी हो।
आयु सीमा और छूट
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की आयु 1 अप्रैल 2025 को 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। एससी और एसटी उम्मीदवारों को 5 साल तथा ओबीसी उम्मीदवारों को 3 साल की आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
वेतन संरचना
क्लर्क पद के लिए प्रारंभिक बेसिक वेतन 26,730 रुपये है। मुंबई जैसे बड़े शहरों में पोस्टिंग होने पर कुल वेतन भत्तों सहित लगभग 46,000 रुपये प्रति माह तक हो सकता है।
चयन प्रक्रिया
SBI क्लर्क भर्ती 2025 के लिए चयन तीन चरणों में होगा। पहले ऑनलाइन प्रीलिम्स एग्जाम, उसके बाद मेन एग्जाम और अंत में लोकल भाषा का टेस्ट होगा। लोकल भाषा का टेस्ट केवल उन्हीं उम्मीदवारों को देना होगा जिन्होंने 10वीं या 12वीं में चुने गए राज्य की भाषा नहीं पढ़ी है।
प्रीलिम्स परीक्षा 1 घंटे की होगी जिसमें इंग्लिश, न्यूमेरिकल एबिलिटी और रीजनिंग के 100 प्रश्न होंगे। मेन एग्जाम 2 घंटे 40 मिनट का होगा, जिसमें 190 प्रश्न पूछे जाएंगे। दोनों परीक्षाओं में गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी।
फीस और आवेदन की प्रक्रिया
सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये है। एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क नहीं है। फीस का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से किया जा सकता है।
महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत: 6 अगस्त 2025
आवेदन की अंतिम तिथि: 26 अगस्त 2025
फीस भुगतान की अंतिम तिथि: 26 अगस्त 2025
प्रीलिम्स परीक्षा: सितंबर 2025
मेन परीक्षा: नवंबर 2025
जो उम्मीदवार बैंकिंग सेक्टर में अपना करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए SBI क्लर्क भर्ती 2025 एक बेहतरीन अवसर है। उम्मीदवार बिना देरी किए समय पर आधिकारिक वेबसाइट sbi.co.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करें और तैयारी शुरू कर दें।
SSC CGL 2025: 14,582 सरकारी नौकरियों का सुनहरा मौका, देखें पोस्ट-वाइज पूरी लिस्ट!