Security forces killed four Naxalites : सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में दो महिला नक्सली समेत चार नक्सलियों को मार गिराया
Security forces killed four Naxalites
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 12:54 PM
Security forces killed four Naxalites
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां शनिवार को हुए एक मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो महिला नक्सलियों समेत चार नक्सलियों को मार गिराया। बीजापुर नक्सली प्रभावित क्षेत्र है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पोमरा गांव के जंगल में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में दो महिला नक्सली समेत चार नक्सलियों को मार गिराया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि पोमरा और हल्लूरगांव के जंगल में नक्सलियों की संभागीय समिति के सदस्य मोहन कड़ती, सुमित्रा, माटवाड़ा, एलओएस कमांडर रमेश और लगभग 40 अन्य माओवादी मौजूद हैं।
सूचना के बाद डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप (डीआरजी), विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त दल को गस्त के लिए रवाना किया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7.30 बजे जब सुरक्षा बल के जवान पोमरा गांव के जंगल में पहुंचे तब नक्सलियों ने उनपर गोलीबारी शुरू कर दी, इसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि लगभग 15 मिनट तक गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए।
अधिकारी ने कहा कि सुरक्षाबलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तो वहां से दो महिला समेत चार नक्सलियों का शव मिला। उन्होंने कहा कि इसके अलावा दो रायफल समेत अन्य हथियार बरामद किये गये हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है, लेकिन क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।