Shiv Sena : भाजपा के खिलाफ अपना विरोध अभियान और तेज करेगी शिवसेना
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 06:53 AM
राष्ट्रीय ब्यूरो,नईदिल्ली | भाजपा से अलग होने के बाद महाराष्ट्र में महाअघाड़ी बनाकर सूबे की सूबे की मिलीजुली सरकार चला रही शिवसेना (Shiv Sena )अब भाजपा के खिलाफ अपना विरोध अभियान और तेज करेगी। पार्टी ने संकेत दिया है कि अगले साल के पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले शिवसेना संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन(यूपीए) (UPA)का हिस्सा बन सकती है।
पार्टी प्रवक्ता संजय राउत ने कहाकि उद्धव ठाकरे की अगुवाई में महाराष्ट्र में मिनी यूपीए चल रहा है। कांग्रेस(Congress) अगर आमंत्रित करती है तो शिवसेना राष्ट्रीय स्तर पर भी यूपीए का हिस्सा बनेगी। गुरुवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी(Rahul Gandhi) से उन्होंने मुलाकात की और उनकी तारीफ करते हुए कहाकि वे सकारात्मक सोच के नेता हैं। उनके बारे में गलत दुष्प्रचार किया जाता है। कांग्रेस पार्टी में कुछ कमियां(मजबूरियां)हैं। हालांकि राहुल उन सभी मुद्दों को हल करना चाहते हैं। बतादें कि यूपीए का हिस्सा रही तृणमूल कांग्रेस प्रमुख आजकल कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोले हुई हैं।
राहुल गांधी की वे परोक्ष रूप से आलोचना कर रही हैं और उनका कहना है कि यूपीए अब अप्रासंगिक हो चुका है। मुंबई जाकर उन्होंने उद्धव ठाकरे(Udhav Thakre) और शरद पवार(Sharad Pawar) से भी मुलाकात की थी। लेकिन शिवसेना(Shiv Sena) से यह कहकर ममता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया कि कांग्रेस के बगैर किसी फ्रंट का गठन सिर्फ भाजपा को मजबूत करने का काम करेगा। वहीं अब चर्चा है अगले साल के विधानसभा चुनाव में शिवसेना उत्तरप्रदेश व गोवा में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ सकती है।