
Shraddha murder case: श्रद्धा वाकर हत्याकांड के बाद महाराष्ट्र के वसई में एक हिंदू-मुस्लिम जोड़े ने मैरिज रिस्पेशन को कैंसिल कर दिया है। रिसेप्शन रविवार को वेस्ट वसई इलाके के एक वेडिंग हॉल में होने वाला था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि दंपति के परिजनों ने शनिवार को मानिकपुर पुलिस थाने आकर बताया कि रिसेप्शन पर रोक लगा दी गई है। रविवार को होने वाले रिसेप्शन में करीब 200 मेहमानों के आने की उम्मीद थी।
समाचार एजेंसी भाषा के अनुसार, स्थानीय पुलिस के हवाले से बताया कि एक समाचार चैनल के संपादक के ट्वीट के विरोध के बाद हिंदू-मुस्लिम जोड़े के विवाह समारोह को रद्द कर दिया गया है। यह आफताब अमीन पूनावाला का गृहनगर है। सुदर्शन न्यूज के संपादक सुरेश चव्हाण ने शुक्रवार को 'लव जिहाद', 'आतंकवाद की कार्रवाई' हैशटैग के साथ रिसेप्शन के निमंत्रण कार्ड की फोटो ट्वीट की।
उन्होंने लिखा कि अब इमरान और दिव्या की शादी उसी वसई में हो रही है जहां से हत्यारा आफताब है। पुलिस ने कहा कि ट्वीट के वायरल होने के बाद वसई में स्थानीय हिंदू और मुस्लिम संगठनों ने हॉल के मालिक को फोन किया और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए कार्यक्रम रद्द करने को कहा।
श्रद्धा के परिवार ने कभी भी रिश्ते को मंजूरी नहीं दी और उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि श्रद्धा और आफताब दिल्ली चले गए। पुलिस ने कहा कि इस अंतरधार्मिक विवाह का कोई 'लव जिहाद' एंगल नहीं है क्योंकि दोनों परिवारों ने उनके 11 साल पुराने रिश्ते का समर्थन किया और शादी 17 नवंबर को अदालत में दर्ज की गई।