Muse Wala Murder Case: 5 घंटे तक चली 100 से ज्यादा गोलियां ,मूसे वाला मर्डर में शामिल 2 गैंगस्टर ढेर
भारत
RP Raghuvanshi
27 Nov 2025 05:04 AM
भारत
RP Raghuvanshi
27 Nov 2025 05:04 AM
Muse Wala Murder Case: सिंगर मूसेवाला के मर्डर में 2 गैंगस्टर्स को पंजाब पुलिस ने बुधवार को अमृतसर में मार गिराया। भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से 10 किलोमीटर दूर करीब 5 घंटे तक एनकाउंटर चला। सूत्रों ने बताया कि मरने वाले गैंगस्टर्स के नाम जगरूप रूपा और मनप्रीत मन्नू हैं। हालांकि, पंजाब पुलिस ने अभी यह कन्फर्म नहीं किया है कि मारे गए लोग गैंगस्टर्स हैं या फिर आतंकवादी। थोड़ी देर में पंजाब पुलिस पूरे ऑपरेशन के बारे में जानकारी देगी।
घेरे गए तीन में से एक गैंगस्टर की पहचान नहीं हुई
3 में से दो गैंगस्टर्स के नाम मनप्रीत मन्नू कुस्सा और जगरूप रूपा हैं। तीसरे गैंगस्टर की पहचान अभी नहीं हो पाई है। मारा गया गैंगस्टर कौन है, अभी यह भी पता नहीं चल पाया है। इन सभी के पाकिस्तान भागने का शक था और इसीलिए ये बॉर्डर के पास ठहरे थे। इलाके के एसएचओ सुखबीर सिंह का कहना है कि मुठभेड़ जारी है।
2 किलोमीटर का इलाका सील किया गया
एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स, स्पेशल ऑपरेशन सेल, आर्गनाइज्ड क्राइम कंट्रोल यूनिट के अलावा अमृतसर पुलिस ने 2 किलोमीटर का इलाका सील कर दिया है। पुलिस के बेस्ट शूटर और क्विक रिएक्शन टीम भी मौके पर मौजूद है।
पुलिस की हिदायत- लोग घरों में ही रहें
दोनों तरफ से फायरिंग जारी है। एक गैंगस्टर्स ने पुलिस पर एके-47 से गोलियां दागीं। पुलिस का कहना है कि मूसेवाला के कत्ल में इस्तेमाल हुए हथियार इन्हीं दोनों के पास हैं। पुलिस ने लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी है।
मन्नू कुस्सा ने ही मूसेवाला को मारी थी पहली गोली
शार्पशूटर मन्नू कुस्सा गैंगस्टर, लॉरेंस और उसके कनाडा में बैठे साथी गोल्डी बराड़ का करीबी है। 29 मई को मानसा के जवाहरके गांव में मूसेवाला को AK47 से पहली गोली मन्नू ने ही मारी थी। जेल में मन्नू की पिटाई का एक वीडियो वायरल किया गया था। मन्नू को शक था कि बंबीहा गैंग ने उसे पिटवाकर बदनामी कराई। जिस वजह से वह गुस्से में था।
पुलिस की जांच में सामने आया था कि मूसेवाला की हत्या करने वाले जगरूप रूपा और मनप्रीत मन्नू कुस्सा कत्ल के बाद पंजाब में ही घूमते रहे। सूत्रों के मुताबिक, जून के अंत तक वे तरनतारन के एक गांव में छिपे रहे। रूपा इसी इलाके का रहने वाला है। यहां दूसरे गैंगस्टर तूफान ने उन्हें अपने फार्म हाउस में छिपा रखा था। इनके साथ गैंगस्टर रईया भी मौजूद था।
एक भी शार्पशूटर नहीं पकड़ पाई पंजाब पुलिस
मूसेवाला मर्डर केस में पंजाब पुलिस अब तक एक भी शार्प शूटर को नहीं पकड़ सकी है। मूसेवाला के कत्ल में शामिल 6 शार्प शूटर में से प्रियवर्त फौजी, कशिश उर्फ कुलदीप और अंकित सेरसा को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पकड़ा था। वहीं जगरूप रूपा, मनप्रीत मन्नू कुस्सा को पुलिस ने घेर लिया है। दीपक मुंडी अब तक फरार है। पंजाब पुलिस ने इस केस में शार्प शूटर्स के 18 मददगारों और हत्या की साजिश रचने वालों को जरूर गिरफ्तार किया है।