Sikkim Flood : उत्तरी सिक्किम में फटा बादल, सेना के 23 जवान लापता...
भारत
RP Raghuvanshi
04 Oct 2023 04:05 PM
भारत
RP Raghuvanshi
04 Oct 2023 04:05 PM
Sikkim Flood : उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर बादल के फटने और उसी समय चुंगथांग बांध में पानी छोड़े जाने से भयावह जल संकट पैदा हो गया है। कई पुल, सरकारी बिल्डिंग, सड़कों और घरों को नुकसान पहुँचा है और ख़बर यह भी आ रही है कि इस घटना में सेना के 23 जवान लापता हो गए हैं। सेना के द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
15-20 फीट तक बढ़ा जल स्तर
प्राकृतिक आपदा के चलते झील और तीस्ता नदी में बढ़े जल स्तर के बाद बाँध का पानी छोड़े जाने से जल का स्तर लगभग 15-20 फीट तक बढ़ चुका है। ऐसे में तटीय या निचले इलाकों को प्रशासन ने जल्द से जल्द खाली करवाने के आदेश दे दिए हैं। बढ़े हुए जल स्तर के कारण उत्तरी सिक्किम (Sikkim Flood) में सेना को भारी नुकसान हुआ है। सिंगतम के पास बारदांग में खड़े सेना के कई वाहन डूब गए हैं और 23 जवान भी लापता हुए हैं।
मौसम विभाग के द्वारा बारिश का अनुमान
उत्तरी सिक्किम में आये इस जल संकट के बाद अब मौसम विभाग ने हल्के से मध्यम स्तर की बारिश के भी अनुमान जताये हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के कुछ इलाकों में लगातार बारिश की संभावना बनी हुई है। आंकड़ों पर नज़र डालें तो सिक्किम के कई भागों में 30 मिलिमीटर से लेकर 98 मिमी तक वर्षा हो सकती है।
Sikkim Flood
सिक्किम में देखने को मिल रहे जल संकट के बाद अब पश्चिम बंगाल को भी मौसम विभाग के द्वारा सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लिया त्वरित जायज़ा
अचानक आयी बाढ़ और बढ़ते जल स्तर के कारण खराब हुए हालातों का जायज़ करने के लिए सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग सिंगताम पहुंचे। सूत्रों के अनुसार मिली ख़बर के आधार पर यह कहा जा सकता है लोगों के जान माल को कोई नुकसान नहीं हुआ है लेकिन कुछ लोगों के लापता होने की ख़बर है। उन्होंने बताया कि सर्च ऑपरेशन तेज़ी से चल रहा है और जल्दी ही स्थिति पर काबू कर लिया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों एवं वाहनों को हुए नुकसान की बात को मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया।