जयपुर के SMS अस्पताल में लगी भीषण आग, 8 मरीजों की दर्दनाक मौत!
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 08:26 AM
राजस्थान की राजधानी जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रविवार रात बड़ा हादसा हो गया। ट्रॉमा सेंटर की दूसरी मंजिल पर स्थित आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई जिसमें दम घुटने से 8 मरीजों की मौत हो गई। हादसे के वक्त ICU में 11 मरीज भर्ती थे। कई मरीज बेहोशी की हालत में थे जबकि कुछ की हालत गंभीर बनी हुई थी। Jaipur News
मदद मिलने से पहले गई कईयों की जान
आग लगने के बाद वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों के साथ आए तीमारदार जान बचाने के लिए बिस्तर और गद्दे लेकर मरीजों को खींचते हुए बाहर निकालने की कोशिश करते रहे। लेकिन जब तक मदद मिलती तब तक कई लोगों की जान जा चुकी थी।
डॉक्टर और स्टाफ पर लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आग लगने के बाद डॉक्टर और कंपाउंडर मौके से भाग गए। एक पीड़ित ओमप्रकाश ने बताया कि उसका चचेरा भाई आईसीयू में भर्ती था और अब उसकी मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा, "रात करीब 11:30 बजे धुआं फैलना शुरू हुआ, हमने डॉक्टरों को चेताया लेकिन वो मौके से चले गए। कुछ ही मरीजों को बचाया जा सका। मेरा भाई लगभग ठीक हो गया था उसे दो-तीन दिन में छुट्टी मिलने वाली थी लेकिन अब वो नहीं रहा।"
हादसे का समय और कारण
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 11:10 बजे ट्रॉमा सेंटर की दूसरी मंजिल पर आग लगी। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि आईसीयू में मौजूद मरीजों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। घटना के बाद पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया।
अस्पताल प्रशासन का बयान
ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में दो ICU हैं, एक ट्रॉमा ICU और दूसरा सेमी ICU। "ट्रॉमा ICU में आग लगने के वक्त वहां 11 मरीज थे और सेमी ICU में 13। आग लगने के बाद धुआं तेजी से फैला और जहरीली गैसें निकलने लगीं। हमारी टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और मरीजों को ट्रॉलियों के जरिए बाहर निकाला गया। हालांकि 6 मरीजों की हालत पहले से ही गंभीर थी।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और हादसे की जांच के लिए एक स्वतंत्र समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह समिति हादसे की पूरी जांच कर रिपोर्ट पेश करेगी। Jaipur News