सोशल मीडिया बना धमकियों का अड्डा! अब चिराग पासवान को उड़ाने की धमकी
Chirag Paswan
भारत
RP Raghuvanshi
12 Jul 2025 11:45 AM
Chirag Paswan : केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी इंस्टाग्राम के माध्यम से दी गई जिसमें कथित रूप से लिखा गया है कि, "20 जुलाई तक बम से उड़ा देंगे।" इस गंभीर मामले को लेकर पार्टी ने तुरंत साइबर क्राइम थाना पटना में एफआईआर दर्ज कराई है।
किसी भी हालत में नहीं किया जाएगा बर्दाश्त
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. राजेश भट्ट ने शनिवार को साइबर थाना पहुंचकर आधिकारिक तौर पर शिकायत दी। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह सिर्फ एक व्यक्ति नहीं बल्कि लोकतांत्रिक प्रणाली और दलित नेतृत्व पर सीधा हमला है। इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” डॉ. भट्ट ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल अब राजनीतिक नेताओं को डराने और धमकाने के लिए किया जा रहा है जो बेहद खतरनाक संकेत है। यह ना सिर्फ राजनीतिक स्थिरता बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा और लोकतंत्र के लिए भी खतरे की घंटी है। वहीं पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स अब उस इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर रहे हैं जिससे धमकी दी गई। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है।
चिराग पासवान को मिली है Z श्रेणी की सुरक्षा
गौरतलब है कि चिराग पासवान को केंद्र सरकार द्वारा पहले से ही Z कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई है। इस श्रेणी की सुरक्षा में करीब 33 सुरक्षाकर्मी, जिनमें CRPF कमांडो, स्टैटिक गार्ड और निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) शामिल होते हैं, 24x7 तैनात रहते हैं। इस धमकी के सामने आने के बाद संभावना है कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की जाएगी।