अंतरिक्ष फतह के बाद लौटे वतन, शुभांशु शुक्ला का ढोल-नगाड़ों के बीच भव्य स्वागत
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 01:56 PM
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 01:56 PM
अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराने वाले भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला रविवार को भारत लौट आए। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किसी नायक की तरह किया गया। उनका स्वागत ढोल-नगाड़ों की थाप, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के बीच किया गया। एयरपोर्ट पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह मौजूद रहे। शुभांशु शुक्ला की पत्नी कामना शुक्ला और बेटा भी इस भावुक पल के गवाह बने। Space Mission :
अंतरिक्ष मिशन से नायक बनकर लौटे शुक्ला
शुभांशु शुक्ला नासा और एक्सिओम स्पेस के संयुक्त एक्सिओम-4 मिशन का हिस्सा रहे। उन्होंने 25 जून को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी थी और 18 दिनों तक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में रहे। इस ऐतिहासिक मिशन के दौरान वे अमेरिका की दिग्गज अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की और हंगरी के टिबोर कापू के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रयोगों और रिसर्च में जुटे रहे। 15 जुलाई को वह सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौटे।
पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात
दिल्ली में स्वागत के बाद शुभांशु शुक्ला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात न सिर्फ उनके गौरवशाली मिशन का सम्मान होगी, बल्कि भारत के आगामी गगनयान अभियान की तैयारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शुभांशु शुक्ला 25 अगस्त को अपने गृहनगर लखनऊ पहुंचेंगे। वहां उनका स्वागत और भी भव्य तरीके से किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, उनके सम्मान में शहरभर में रोड शो निकाला जाएगा।
"भारत वापसी के लिए उत्सुक था" : शुभांशु
भारत आने से पहले शुभांशु शुक्ला ने इंस्टाग्राम पर अपनी भावनाएं साझा की थीं। उन्होंने लिखा कि "भारत वापसी के लिए विमान में बैठते ही मेरे दिल में कई तरह की भावनाएं उमड़ रही थीं। उन शानदार लोगों को पीछे छोड़ने का दुख है जो इस मिशन के दौरान पिछले एक साल से मेरे परिवार की तरह थे। लेकिन अब अपने देश, अपने परिवार और अपने साथियों से मिलने की खुशी कहीं ज्यादा बड़ी है। यही जिंदगी है।"