Special Story : आसमान से आ रही माली पर आफत, हेलमेट पहन कर रहे काम
Special Story: Disaster on the gardener coming from the sky, working wearing a helmet
भारत
चेतना मंच
18 Apr 2023 04:29 PM
Special Story : सैय्यद अबू साद
हापुड। इंसान और जानवरों की दोस्ती के किस्से तो आपने सुने होंगे। इन दिनों आरिफ और सारस की दोस्ती की कहानी हर किसी की जुबां पर है, लेकिन क्या सुना है कि इंसान और पक्षी की दुश्मनी भी हो सकती है। जी हां ऐसा ही कुछ हुआ है उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में जहां पर एक शख्स की चील से दुश्मनी हो गई है। आए दिन चील आसमान से उड़कर आती है और इस शख्स पर हमला कर देती है। कई बार हमले से चोटिल होने के बाद अब यह शख्स हेलमेट पहनकर काम करने को मजबूर है।
Special Story :
एक माह से चील कर रही हमला
यह मामला हापुड़ शहर के सरस्वती इंटर कॉलेज का है, जहां माली का काम करने वाले राजवीर कुछ दिनों से खासे परेशान हैं। इंटर कॉलेज में काम करने के दौरान राजवीर पर आसमान से आफत उमड़ पड़ती है। आसमान में उड़ती चील राजवीर पर हमला कर देती है। कई बार राजवीर पर चील ने चोंच और पंजों से हमला किया है। इससे परेशान होकर राजवीर को हेलमेट का सहारा लेकर काम करना पड़ रहा है। माली का काम करने वाले राजवीर ने बताया कि उन पर कई बार चील ने हमला किया है। न जाने चील को मुझसे क्या दुश्मनी हो गई है कि वह मुझ पर लगातार हमलावर है। करीब 1 महीने से मुझ पर हमले हो रहे हैं। पिछले करीब 15 से 20 दिनों से वह हेलमेट लगाकर अपनी नौकरी कर रहे हैं।
सिर्फ माली को बनाया है टारगेट
फिलहाल चील से परेशान होकर राजवीर हेलमेट पहनकर ही नौकरी करने को मजबूर हैं। राजवीर ने बताया कि जब वे हेलमेट पहनकर बगीचे में जाते हैं तो चील फिर उन पर हमला नहीं करती है अब केवल हेलमेट का ही सहारा बचा है। सरस्वती इंटर कॉलेज मे करीब 90 टीचर है और कर्मचारी सहित हजारों छात्र हैं, मगर यह चील सिर्फ माली राजबीर को नौकरी नहीं करने दे रही है। आते-जाते और कॉलेज के पार्क मे कार्य करते समय यह चील हमला करती है।
चील ने राजवीर को मान लिया दुश्मन
वहीं कॉलेज के प्रधानाचार्य का कहना है कि कॉलेज परिसर में पीपल के पेड़ के ऊपर चील का घोंसला बना हुआ है, जिसमें उसके बच्चे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि माली का काम करने वाले राजवीर के हाथ में कभी फावड़ा तो कभी दराती जैसे पेड़ों को काटने वाले उपकरण रहते हैं। शायद चील को अपने बच्चों के जीवन को लेकर कोई आशंका हो जिसके चलते उसने राजवीर को अपना दुश्मन समझ लिया है और इसीलिए चील राजवीर पर हमले करती है।
[caption id="attachment_82935" align="aligncenter" width="577"] Special Story: Disaster on the gardener coming from the sky, working wearing a helmet[/caption]