13 साल बाद स्पीड पोस्ट में बड़ा बदलाव, जानिए नई दरें और सुविधाएं
भारत
RP Raghuvanshi
27 Sep 2025 10:37 AM
भारतीय डाक विभाग (India Post) ने स्पीड पोस्ट सेवा को और तेज, सुरक्षित और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए बड़ा ऐलान किया है। करीब 13 साल बाद इस सेवा की टैरिफ दरों में संशोधन किया गया है जो 1 अक्टूबर 2025 से लागू होगा। इसके साथ ही, डाक विभाग ने कई आधुनिक सुविधाओं की भी शुरुआत की है। यह बदलाव स्पीड पोस्ट को निजी कूरियर सेवाओं के मुकाबले एक मजबूत और विश्वसनीय विकल्प बनाएगा। Speed Post New Rates 2025
अब डिलीवरी होगी ज्यादा स्मार्ट और सुरक्षित
इस बार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि स्पीड पोस्ट सेवा को पूरी तरह तकनीक से जोड़ा जा रहा है। अब यूजर्स को रजिस्ट्रेशन सर्विस और OTP वेरिफिकेशन जैसी सुविधाएं मिलेंगी जिससे पार्सल की डिलीवरी सिर्फ असली प्राप्तकर्ता या उनके अधिकृत व्यक्ति को ही की जाएगी। इन दोनों सुविधाओं के लिए 5 रुपये प्रति आइटम + GST शुल्क तय किया गया है। इसके अलावा, अब ग्राहकों को SMS आधारित डिलीवरी अपडेट, रीयल टाइम ट्रैकिंग और ऑनलाइन बुकिंग जैसी सेवाएं भी मिलेंगी।
स्टूडेंट्स और बल्क कस्टमर्स को मिलेगा डिस्काउंट
डाक विभाग ने छात्रों और बड़े ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए खास छूट की घोषणा भी की है। अब स्पीड पोस्ट सेवा पर छात्रों को 10% और नए बल्क कस्टमर्स को 5% की छूट मिलेगी। यह कदम छात्रों और छोटे व्यापारियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।
जानिए कितना लगेगा चार्ज
स्पीड पोस्ट की नई दरें दूरी और वजन के आधार पर तय की गई हैं। 50 ग्राम तक के दस्तावेजों के लिए लोकल डिलीवरी पर ₹19 और 200 किलोमीटर तक की दूरी के लिए ₹47 देने होंगे। 51 ग्राम से 250 ग्राम तक के पैकेज के लिए लोकल में ₹24, 200 किमी तक ₹59, 500 किमी तक ₹63, 1000 किमी तक ₹68 और उससे अधिक दूरी पर ₹77 शुल्क लिया जाएगा। वहीं, 251 ग्राम से 500 ग्राम तक के सामान पर लोकल में ₹28, 200 किमी तक ₹70, 500 किमी तक ₹75, 1000 किमी तक ₹82, 2000 किमी तक ₹86 और उससे ज्यादा दूरी पर ₹93 शुल्क लगेगा।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस घोषणा को लेकर सोशल मीडिया पर कहा, "अब स्पीड पोस्ट में तेजी भी है और तसल्ली भी।" उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य इंडिया पोस्ट को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और टेक्नोलॉजी-ड्रिवन बनाना है ताकि यह निजी कूरियर कंपनियों की तुलना में बेहतर और सुलभ विकल्प बन सके।Speed Post New Rates 2025