Srikant Tyagi Case : श्रीकांत त्यागी को नहीं मिली बेल, अब 17 अक्टूबर को होगी सुनवाई
The abuser Shrikant Tyagi will have to spend in jail tonight too
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:43 AM
Prayagraj/Noida : प्रयागराज/नोएडा। नोएडा के बहुचर्चित श्रीकांत त्यागी को अभी जेल में ही रहना होगा। वह दशहरा जेल में ही मनाएगा। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उसकी जमानत पर सुनवाई के लिए 17 अक्टूबर की तारीख तय की है। कोर्ट ने सरकार को भी तीन हफ्ते में काउन्टर एफिडेविट फाइल करने को कहा है।
नोएडा के सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में श्रीकांत त्यागी ने पांच अगस्त को एक महिला के साथ अशोभनीय बर्ताव किया था। उस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा। इस मामले को गंभीर मानते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपर सचिव और राज्य के डीजीपी को मानिटरिंग के लिए लगाया। शासन के दबाव के बाद 09 अगस्त को पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने उस पर गैंगस्टर एक्ट भी लगा दिया।
जिला अदालत ने महिला से बदसलूकी के मामले में पिछले महीने ही बेल दे दी थी। लेकिन, गैंगस्टर मामले में जमानत के लिए श्रीकांत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। 12 सितंबर को श्रीकांत त्यागी की जमानत के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता अमृता राय मिश्रा ने अर्जी दाखिल की। 14 सितंबर को कोर्ट ने सुनवाई के लिए मामले को पंजीकृत किया।
जमानत पर सुनवाई के लिए कोर्ट ने 17 सितंबर की तारीख तय की, लेकिन अपरिहार्य कारणों से कोर्ट ने इसे आगे बढ़ाते हुए 29 सितंबर की तारीख तय की थी। कुछ औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण आज भी इस मामले की सुनवाई नहीं हुई। हाईकोर्ट ने अब श्रीकांत त्यागी की जमानत पर सुनवाई के लिए 17 अक्टूबर की तारीख मुकर्रर की है। कोर्ट ने इस मामले में यूपी सरकार को भी नोटिस जारी कर तीन सप्ताह में जवाब दाखिल करने को कहा है।