Srilanka News: अमेरिका भागने की फिराक में थे राष्ट्रपति राजपक्षे के भाई बासिल राजपक्षे
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 01:31 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 01:31 AM
Colombo: कोलंबो। श्रीलंका में राजनीतिक और आर्थिक हालात दिन प्रतिदिन खराब होते जा रहे हैं। किसी को नहीं पता कि इस मसले का हल कब और क्या होगा। देश की जनता के गुस्से को देखते हुए राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के भाई बासिल राजपक्षे देश छोड़कर अमेरिका भागने की फिराक में थे, लेकिन एयरपोर्ट पर इमीग्रेशन स्टाफ के विरोध के बाद उन्हें लौटना पड़ा। एक तरफ जहां आम लोग दाने दाने मोहताज हैं, वहीं बासिल ने अमेरिका जाने के लिए 1.13 लाख श्रीलंकाई रुपये में बिजनेस क्लास के चार टिकट बुक किए थे।
इस बीच, श्रीलंका की प्रमुख विपक्षी पार्टी समागी जाना बालवेगया (एसजेबी )के प्रमुख सजित प्रेमदासा श्रीलंका के अंतरिम राष्ट्रपति बनाए गए हैं। एसजेबी ने निर्विवादित रूप से प्रेमदास को अंतरिम राष्ट्रपति के पद के लिए नॉमिनेट किया। श्रीलंका में राष्ट्रपति चुनाव 20 जुलाई को होना है। इससे पहले गोटबाया 13 जुलाई को इस्तीफा देंगे और 15 जुलाई को संसद का सत्र बुलाया जाएगा।
दूसरी ओर, राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के देश छोड़कर जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। स्पीकर महिंदा यापा ने इन अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि गोटबाया देश में ही हैं। महिंदा यापा ने एक इंटरव्यू में कहा था कि राष्ट्रपति गोटबाया देश छोड़कर भाग गए हैं। हालांकि जब विवाद बढ़ा तो उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति देश में ही हैं, मैंने पहला बयान गलती से दे दिया था।
श्रीलंका में हालात इतने खराब हो गए हैं कि एंबुलेंस चलाने के लिए भी डीजल-पेट्रोल नहीं बचा है। एंबुलेंस सर्विस ने जनता से कॉल न करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि हम सेवा देने में असमर्थ हैं। लोगों को एक वक्त का खाना भी अच्छे से नहीं मिल पा रहा है। खाने-पीने वाले प्रोडक्ट के दाम कई गुना बढ़ चुके हैं। दाल की कीमतें तीन गुना बढ़ चुकी हैं। हालात इतने नाजुक हैं कि यहां भुखमरी और कुपोषण जैसे हालात पैदा हो रहे हैं।