सेंसेक्स-निफ्टी में तूफानी उड़ान, आज फिर चमके ये 10 धांसू शेयर
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 11:59 PM
Stock Market : शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला आज बुधवार को भी जारी रहा। बीते मंगलवार को हुई जोरदार रैली के बाद आज बाजार ने एक बार फिर मजबूती के साथ ओपनिंग की। बीएसई सेंसेक्स 430 अंकों से ज्यादा की छलांग लगाते हुए हरे निशान में खुला, जबकि एनएसई निफ्टी ने भी 120 अंकों की बढ़त के साथ ट्रेडिंग की शुरुआत की।
शेयर बाजार में जोश
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पॉजिटिव संकेतों और ईरान-इजरायल संघर्ष को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर संबंधी बयान से बाजार को राहत मिली है। इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ दिखा, जहां निवेशकों का भरोसा और उत्साह दोनों देखने को मिले।
शुरुआती कारोबार में ये स्टॉक्स चमके
शुरुआती ट्रेडिंग में Titan, HCL Technologies, Trent, Reliance Industries और Mahindra & Mahindra जैसे दिग्गज शेयरों में जबरदस्त तेजी देखी गई। ये सभी स्टॉक्स आज के टॉप गेनर्स में शामिल रहे। वहीं दूसरी ओर, Kotak Mahindra Bank, ICICI Bank और SBI Life Insurance जैसे कुछ दिग्गज शेयरों ने हल्की कमजोरी के साथ शुरुआत की।
1600 से ज्यादा शेयरों में उछाल
बाजार की ओपनिंग के वक्त लगभग 1621 कंपनियों के शेयर हरे निशान में खुले, जबकि करीब 479 स्टॉक्स में गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा 124 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं देखने को मिला। निफ्टी ने दिन की शुरुआत 25150 से ऊपर की, जो निवेशकों के लिए एक पॉजिटिव संकेत है। अगर यही रफ्तार बनी रही तो आने वाले दिनों में बाजार नई ऊंचाइयों को छू सकता है।