क्रिकेट की छांव में करप्शन की आंधी, PCB के चेयरमैन पर संगीन आरोप
PCB
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 01:33 PM
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 01:33 PM
PCB : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार मामला सिर्फ प्रदर्शन या चयन पर सवालों तक सीमित नहीं, बल्कि सीधे करोड़ों रुपये के घोटाले से जुड़ा है। पाकिस्तान के ऑडिटर जनरल की रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं जिनमें बोर्ड के मौजूदा चेयरमैन मोहसिन नकवी पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।
घोटाले की रकम 595 करोड़ पाकिस्तानी रुपये!
रिपोर्ट के अनुसार, PCB ने बीते दो वर्षों में कुल 595 करोड़ पाकिस्तानी रुपये की वित्तीय गड़बड़ियां की हैं। सबसे बड़ा घोटाला स्पॉन्सरशिप फीस को लेकर सामने आया है। बोर्ड ने कथित तौर पर करीब 18.6 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 532 करोड़ रुपये) की राशि वसूल ही नहीं की, जो उसके राजस्व में आनी थी।
मोहसिन नकवी ने लीं दोहरी सुविधाएं?
चेयरमैन मोहसिन नकवी, जो कि पाकिस्तान सरकार में मंत्री भी हैं, पर आरोप है कि उन्होंने चेयरमैन रहते हुए पेट्रोल, यूटिलिटी बिल और घर के किराए के नाम पर अनावश्यक भुगतान लिया। जबकि रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि नकवी पहले से ही सरकारी मंत्री के तौर पर इन सुविधाओं के लिए भुगतान ले रहे थे। यानी उन्होंने दोहरी सुविधा ली और सरकारी व PCB दोनों स्रोतों से लाभ उठाया।
सुरक्षा पर खर्च और कोचिंग घोटाला भी उजागर
रिपोर्ट में एक और अहम मुद्दा इंटरनेशनल मैचों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर PCB द्वारा किए गए 6.3 करोड़ रुपये के खर्च को लेकर उठाया गया है। ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा का दायित्व सरकार का होता है, न कि PCB का। ऐसे में बोर्ड द्वारा पुलिस और अन्य एजेंसियों पर किया गया खर्च पूरी तरह से गैरजरूरी और नियमों के खिलाफ माना गया है। इतना ही नहीं, रिपोर्ट में तीन जूनियर कोच और एक मीडिया डायरेक्टर की नियुक्ति को भी नियमों के विरुद्ध बताया गया है। आरोप है कि इन पदों पर भर्ती पारदर्शी प्रक्रिया के बिना की गई, जो बोर्ड के अंदर गहरी गड़बड़ियों की ओर इशारा करता है।
PCB की चुप्पी पर सवाल
इन गंभीर आरोपों के सामने आने के बावजूद PCB की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। यह चुप्पी खुद ही कई सवाल खड़े करती है क्या बोर्ड इन आरोपों को नजरअंदाज कर रहा है या फिर पर्दे के पीछे बड़ी लीपापोती चल रही है?