Kanpur : कानपुर। ये लो जी, यूं ही पड़े-पड़े ही गल गई 42 लाख की नकदी। यह मामला यूपी के कानपुर का है। शहर के पांडु नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में रखी 42 लाख रुपये की नकदी गलकर खराब हो गई। आरबीआई की ऑडिट के दौरान इस मामले का खुलासा हुआ है। अब बैंक के चार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक शहर के पांडु नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में मुख्य करेंसी चेस्ट है। यहां करीब तीन महीने पहले नोटों को एक बॉक्स में भरकर रखा गया था। इसी दौरान किसी तरफ से नोटों के बॉक्स में पानी चला गया। इस दौरान उसे देखा नहीं गया। नतीजतन उसमें रखी 42 लाख रुपये की नकदी गलकर खराब हो गई। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की टीम ने 25 से 29 जुलाई 2022 तक शाखा की करेंसी चेस्ट का निरीक्षण किया था। तब करेंसी के खराब होने की जानकारी सामने आई थी। गिनती के बाद पता चला कि 42 लाख रुपये के नोट गल गए हैं। मामले में करेंसी चेस्ट के वरिष्ठ प्रबंधक देवी शंकर को सस्पेंड कर दिया गया है। वह तबादला होकर 25 जुलाई को ही आए थे। जबकि चेस्ट में रुपये के गलने की घटना इसके पहले की है।
फिलहाल पीएनबी की तरफ से कोई अधिकारिक बयान अब तक सामने नहीं आया है। लेकिन, इस मामले में करेंसी चेस्ट के वरिष्ठ प्रबंधक देवी शंकर सहित चार अफसरों को सस्पेंड किया गया है। इनमें से तीन अफसर हाल में तबादला होकर यहां आए थे। हालांकि, 42 लाख रुपये पानी में गलने के बाबत बैंक अफसर बोलने से बच रहे हैं, लेकिन रिजर्व बैंक की रिपोर्ट में नोट गलने का खुलासा कर दिया गया है।