तमिलनाडु के मंदिरों का सोने से नया निवेश, हर साल मिलेंगे करोड़ों !
Gold in Temple :
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:00 AM
Gold in Temple : तमिलनाडु सरकार ने एक अनोखी पहल के तहत राज्य के मंदिरों में वर्षों से बिना इस्तेमाल के पड़े सोने (Gold in Temple) को आर्थिक संसाधन में बदल दिया है। इस योजना के तहत 21 मंदिरों के 1074 किलो सोने को पिघलाकर निवेश योजना में लगाया गया है, जिससे अब मंदिरों को करोड़ों रुपये का ब्याज प्राप्त हो रहा है। इस पहल से न केवल मंदिरों की आय बढ़ी है बल्कि प्रशासनिक और धार्मिक कार्यों के विकास में भी मदद मिल रही है।
सोने (Gold in Temple) से बन रहे हैं गोल्ड बार, हो रहा निवेश
राज्य सरकार ने मंदिरों में दान स्वरूप आए लेकिन लंबे समय से इस्तेमाल में न लाए गए सोने के आभूषणों को पिघलवाकर 24 कैरेट की सोने की पट्टियों (गोल्ड बार) में बदलवाया। इसके बाद इन्हें भारतीय स्टेट बैंक की "गोल्ड इन्वेस्टमेंट स्कीम" में जमा कराया गया। यह सोना मुंबई स्थित एक टकसाल में पिघलाया गया, जिसके बाद लगभग 18 करोड़ रुपये का ब्याज अर्जित हुआ है।
मरियम्मन मंदिर का सबसे बड़ा योगदान
तमिलनाडु विधानसभा में हिंदू धार्मिक और चैरिटेबल ट्रस्ट मामलों के मंत्री पी.के. शेखर बाबू ने बताया कि इस पहल में सबसे बड़ा योगदान तिरुचिरापल्ली स्थित अरुलमिगु मरियम्मन मंदिर का रहा, जिसने अकेले 424 किलो सोना (Gold in Temple) योजना में दिया।
ब्याज से मंदिरों में हो रहा विकास कार्य
मंदिरों को मिलने वाला ब्याज मंदिर प्रबंधन की व्यवस्था, पुनर्निर्माण और अन्य धार्मिक कार्यों में लगाया जा रहा है। मंदिरों में सुविधाओं को सुधारने, भक्तों के लिए बेहतर व्यवस्था करने और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में इस फंड का उपयोग हो रहा है।
अब चांदी को भी मिलेगा नया रूप
सोने के बाद अब राज्य सरकार ने मंदिरों में जमा पड़ी अनुपयोगी चांदी को भी पिघलाने की योजना को हरी झंडी दे दी है। इस चांदी को भी मान्यता प्राप्त निजी कंपनियों के ज़रिये मंदिर परिसर में ही पिघलवाया जाएगा और सिल्ली (सिल्वर बार) बनाई जाएगी। इस प्रक्रिया की निगरानी तीन क्षेत्रीय समितियां करेंगी, जिनके अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश होंगे।
सरकारी पहल से मंदिरों की आय में वृद्धि
यह योजना पहले कई वर्षों से लंबित थी, लेकिन 2021-22 में सरकार की मंजूरी के बाद इसे फिर से सक्रिय किया गया। अब यह पहल मंदिरों की आय को सुदृढ़ करने की दिशा में एक नया और कारगर कदम बन चुकी है। Gold in Temple :